24 News Update भीलवाड़ा। हलेड़ गांव में बुधवार शाम को बारिश के बाद क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा जिला संयोजक और सरपंच पति बाबूलाल आचार्य के साथ कांग्रेस नेता और ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। शाम करीब साढ़े 6 बजे निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता व पूर्व सरपंच हरफूल जाट ने पहले गाली-गलौज और थप्पड़ मारा। इसके बाद वहां मौजूद भीड़ ने आचार्य की पिटाई कर दी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सदर थाना इंचार्ज कैलाश चंद बिश्नोई ने बताया कि बाबूलाल आचार्य के बेटे गोपाल आचार्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बारिश के कारण गांव में पानी भरने की शिकायत के बाद बाबूलाल आचार्य ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मंगवा पानी निकासी शुरू करवाई। इसी दौरान हरफूल जाट व अन्य लोग वहां पहुंचे। दोनों पक्षों में बहस और आरोप-प्रत्यारोप हुए, फिर मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार, हरफूल जाट और अन्य ने न केवल बाबूलाल आचार्य बल्कि ग्राम विकास अधिकारी भगवतीलाल जीनगर से भी मारपीट की और कपड़े फाड़े। जान से मारने की धमकी भी दी गई। गांववालों ने आरोप लगाया कि वे कई बार पानी भराव की शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नाराज़ ग्रामीणों ने इसी गुस्से में मारपीट की। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बारिश रुकने के बाद हालात का जायज़ा लेने गए आचार्य के साथ कांग्रेस नेता और ग्रामीणों ने जानबूझ कर हमला किया।
भीलवाड़ा में भाजपा नेता के साथ मारपीट, पूर्व सरपंच सहित ग्रामीणों पर मामला दर्ज

Advertisements
