24 News Update डूंगरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पत्रकार कॉलोनी में गुरुवार रात एक सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मकान से करीब 27 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपए नकद चुरा लिए। घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक का परिवार देर शाम घर लौटा।
पीछे का दरवाजा खुला, घर का सामान बिखरा पड़ा मिला
जानकारी के अनुसार, पत्रकार कॉलोनी निवासी अमृतलाल पटेल शास्त्री कॉलोनी में दुकान चलाते हैं। घटना के दौरान उनकी पत्नी मणि देवी और बेटा हेरंब पटेल किसी काम से खेरवाड़ा गए हुए थे। गुरुवार शाम जब वे घर लौटे तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
घटना का एहसास होते ही मणि देवी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और पार्षद जयेश लोधावरा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
चोरों ने तोड़ी आलमारियां, ले गए सोना-चांदी और नकदी
पीड़ित हेरंब पटेल ने बताया कि चोरों ने करीब 20 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। चोरों ने बड़ी सफाई से दोनों आलमारियों को तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया।
सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातें
बुधवार को भी शिवाजी नगर क्षेत्र में एक सूने मकान से चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही चोरियों से शहरवासियों में दहशत और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

