24newsupdate राजसमंद: जिले के सेलागुड़ा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में काम कर रहे किसानों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में 12 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
खेत में गेहूं काटते समय हुआ हमला
घटना सुबह करीब 10:30 बजे सनकार सागर तालाब के पास हुई, जब किसान गेहूं की फसल काटने में व्यस्त थे। अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने खेत में काम कर रहे किसानों पर हमला कर दिया। महिला-पुरुषों समेत 12 से अधिक लोग मधुमक्खियों के डंक से बुरी तरह घायल हो गए।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से आमेट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आरके हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
पशुओं पर भी हमला
इस दौरान दो बैल भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए, जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
घायलों की सूची:
विनोद (20) पुत्र चतरलाल
नरेंद्र (32) पुत्र चतरलाल
दीपा (6) पुत्री नरेंद्र
रामलाल (50) पुत्र छोगालाल
भेरूसिंह (55) पुत्र खेमा सिंह
सोहन (50) पुत्र खेमराज (गंभीर)
मंजू (30) पिता नरेंद्र (गंभीर)
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
यह पहली बार नहीं है जब मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला किया हो। कुछ दिन पहले ही खाखरमाला पंचायत क्षेत्र में भी मधुमक्खियों के हमले में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए थे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.