24 News Update उदयपुर। शहर में निजी बाइकों पर पीली नंबर प्लेट लगाकर चल रही टू-व्हीलर टैक्सी सेवाओं के खिलाफ शुक्रवार को ऑटो यूनियन ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। ऑटो चालकों ने इन सेवाओं को अवैध बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने किया। यूनियन पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए ऐसी सेवाओं पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। यूनियन अध्यक्ष सईद सक्का ने कहा कि शहर की हर गली, मोहल्ले और चौराहे पर निजी बाइकों को पीली नंबर प्लेट लगाकर किराये पर चलाया जा रहा है, जो मोटर वाहन अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि टू-व्हीलर टैक्सी सेवाएं न केवल नियमों के विरुद्ध हैं, बल्कि ऑटो चालकों की आजीविका पर भी संकट खड़ा कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ऐप आधारित टू-व्हीलर सेवाएं सस्ती दरों पर यात्रियों को सुविधा दे रही हैं, जिससे ऑटो चालकों की आमदनी में भारी गिरावट आई है। अधिकांश ऑटो चालक बैंक से लोन लेकर वाहन खरीदते हैं और अब उन्हें किश्त चुकाने में भी परेशानी हो रही है।
फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि निजी बाइकों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह अवैध है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शहर में संचालित सभी अवैध टू-व्हीलर टैक्सियों की पहचान कर उनके मालिकों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस ओर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऑटो चालक बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ऑटो चालक, यूनियन पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टू-व्हीलर टैक्सी सेवाओं के खिलाफ ऑटो यूनियन का प्रदर्शन, अवैध संचालन बंद करने की मांग

Advertisements
