Site icon 24 News Update

उदयपुर में तीरंदाजी को नई उड़ान, खिलाड़ियों को वितरित हुए मणिपुर से मंगवाए विशेष धनुष

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिला तीरंदाजी संघ उदयपुर के तत्वावधान में राजस्थान महिला विद्यालय सभागार में मंगलवार को तीरंदाजी खेल को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मणिपुर से मंगवाए गए दस विशेष तीरंदाजी धनुषों का विमोचन और वितरण किया गया। जिला तीरंदाजी संघ के सचिव गिरधारी सिंह चौहान ने बताया कि राजस्थान महिला विद्यालय और उदयपुर तीरंदाजी स्पोर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में इस आयोजन का उद्देश्य शहर और आसपास के युवा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और प्रशिक्षित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों को आधुनिक मंच और संसाधन मिलना युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा, “उदयपुर के गाँवों से लिम्बाराम, धूलचंद और श्यामलाल जैसे धनुर्धरों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। आज की पीढ़ी भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाए।” कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान महिला विद्यालय के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह शक्तावत ने की। उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न खेल अकादमियों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में नितिन हिंगड़, विनोद साहू, के. जी. मूंदड़ा, यतीन्द्र बाबेल और ललित सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को तीरंदाजी सेट वितरित किए। उल्लेखनीय है कि उदयपुर तीरंदाजी स्पोर्ट्स अकादमी में जिला तीरंदाजी संघ द्वारा नियुक्त कोच विक्रम सेन द्वारा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत में संजीव भाटी, विपिन मारवाड़ी और गोविंद सिंह चौहान ने अतिथियों का मेवाड़ी पाग और उपरणा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया ने घोषणा की कि अक्टूबर माह में उदयपुर में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के कई तीरंदाजी पदाधिकारी, खेल प्रेमी और खिलाड़ी मौजूद रहे। आयोजन ने उदयपुर में तीरंदाजी को नई ऊर्जा देने का काम किया।

Exit mobile version