Site icon 24 News Update

नाबालिग आत्महत्या मामले में आरोपी 36 घंटे में गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर/खेरवाड़ा। राजस्थान पुलिस के थाना खेरवाड़ा पुलिस ने नाबालिग आत्महत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी पर नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दी गई कि उसकी पुत्री की एक वर्ष पूर्व मनीष पिता जीवतराम निवासी बलीचा थाना पाटिया से सगाई हुई थी। पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मनीष पीड़िता पर अन्यत्र सगाई करने का दबाव बनाता था और उसे लगातार डराता-धमकाता था। रिपोर्ट में बताया गया कि 2 अप्रैल को मनीष ने फोन पर पीड़िता को धमकी दी कि वह अब किसी और से शादी करेगा और उसे उसकी आवश्यकता नहीं है। इस बातचीत की जानकारी पीड़िता ने अपने भाई दिलीप को दी थी। इसके कुछ समय बाद नाबालिग ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रकरण में पुलिस ने मामला संख्या 104/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं 108, 107, 64(2)(एम) तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं 4 और 6 के तहत जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल एवं वृताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी करनाराम जाट के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष (27) निवासी बुदरा बलीचा को चितौड़ा तीन रास्ते पर अहमदाबाद जाने वाली बस का इंतजार करते समय गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद फरार होने की कोशिश में था। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी करनाराम जाट के साथ उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह, राकेश मेहता, ताराचंद तथा कांस्टेबल भंवर सिंह, दिलीप और दिग्विजय सिंह की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version