फर्जी वेबसाइट पर ₹9.42 करोड़ का मुनाफा दिखाकर जीता भरोसा, रकम निकालने गए तो टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मांगे पैसे

जयपुर। ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 12 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। असम निवासी बेशराज थापा उर्फ राहुल को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से पकड़ा गया है। इस मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक खाताधारकों की निगरानी करने और उनके फोटो-वीडियो साथियों तक पहुंचाने के नेटवर्क में शामिल था।

व्हाट्सऐप लिंक से शुरू हुआ करोड़ों की ठगी का खेल

राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह के अनुसार, परिवादी को 25 सितंबर 2025 को व्हाट्सऐप पर मोबाइल नंबर 7983382116 से www.kdeonegold.net वेबसाइट का लिंक मिला था। वेबसाइट पर ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग के जरिए आकर्षक रिटर्न का दावा किया गया। परिवादी ने UID-54778 से खाता बनाया और कथित कस्टमर सर्विस के निर्देश पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करना शुरू कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 के बीच परिवादी ने करीब छह करोड़ रुपये जमा किए। इसके बाद वेबसाइट के वर्चुअल वॉलेट में 9.42 करोड़ रुपये का बैलेंस लाभ सहित दिखाया गया, ताकि निवेशक को मुनाफा होने का भरोसा रहे। जब परिवादी ने 7 नवंबर को 5 करोड़ 2 लाख 84 हजार 784 रुपये निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने इनकम टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा करवानी शुरू कर दी।

10 से 26 नवंबर 2025 के बीच भी भुगतान करवाया गया। पुलिस के अनुसार, इस तरह कुल 12 करोड़ 9 लाख 65 हजार 512 रुपये प्राप्त करने के बावजूद आरोपियों ने न तो रकम लौटाई और न ही निकासी की अनुमति दी।

बैंक खातों की निगरानी के बदले मिले 50 हजार रुपये

जांच में पहले गिरफ्तार इकबाल अहमद से पूछताछ के दौरान बेशराज थापा उर्फ राहुल की भूमिका सामने आई। पुलिस टीम ने उसे विशाखापट्टनम से गिरफ्तार कर पांच दिन के ट्रांजिट वारंट पर जयपुर लाया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी हर्षा साइकिया उर्फ गौरव और इस्लाम के संपर्क में रहकर काम करता था। इकबाल अहमद बैंक खाताधारकों को नेटवर्क तक पहुंचाता था, जबकि हर्षा उर्फ गौरव उन्हें बेशराज के पास भेजता था। बेशराज कथित तौर पर खाताधारकों के साथ होटल या कमरों में रहकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखता और उनके लाइव फोटो व वीडियो साथियों तक पहुंचाता था।

जांच में सामने आया कि गुवाहाटी स्थित रामानुज होम स्टे में प्रकाश कुमार के बैंक खाते से संबंधित गतिविधियों के दौरान भी आरोपी मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, उसने प्रकाश कुमार के बैंक खाते और उससे जुड़े मोबाइल सिम की जानकारी टेलीग्राम के जरिए इस्लाम तक पहुंचाई। इस काम के बदले उसे 50 हजार रुपये मिले। जांच में प्रकाश कुमार के खाते में ठगी की रकम में से 33 लाख 75 हजार 328 रुपये पहुंचने की जानकारी मिली है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 में हर्षा उर्फ गौरव के कहने पर आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया था। इकबाल अहमद की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद वह विशाखापट्टनम चला गया और कथित तौर पर ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन तोड़कर नष्ट कर दिया।

डिजिटल साक्ष्यों और मनी ट्रेल की जांच जारी

राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उप महानिरीक्षक पुलिस शान्तनु कुमार सिंह के निर्देशन में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, जयपुर के थानाधिकारी एवं उप अधीक्षक पुलिस गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

टीम में पुलिस निरीक्षक अमृता सिंह, उप निरीक्षक मुकेश कुमार, कांस्टेबल बोदूराम और कांस्टेबल बनवारी लाल शामिल रहे।

पुलिस अब हर्षा साइकिया उर्फ गौरव और इस्लाम की तलाश कर रही है। व्हाट्सऐप और टेलीग्राम रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), CAF, IPDR तथा बैंक खातों के लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। जांच का फोकस ठगी की रकम के अंतिम लाभार्थियों तक पहुंचने और राशि की बरामदगी पर है।

पुलिस की अपील: निवेश के नाम पर असाधारण मुनाफे के दावों और अनजान लिंक से सावधान रहें। रकम निकालने के लिए टैक्स, सिक्योरिटी डिपॉजिट या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगना ठगी का संकेत हो सकता है। अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या बैंकिंग विवरण किसी अन्य व्यक्ति को न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading