24 News Update उदयपुर। उदयपुर जिले से दीपावली के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेकरिया थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही दोस्त की पीठ में छुरा घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल आया था मृतक, शराब खरीदने को लेकर हुआ झगड़ा
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि मृतक वालाराम (30 वर्ष) पुत्र सुखाराम गरासिया, अपने दोस्त सुरेश गरासिया के साथ दीपावली के दिन अपनी ससुराल तेजा का वास आया हुआ था। वालाराम की पत्नी सात दिन पहले मायके आई हुई थी। उसे घर ले जाने के लिए वह सुरेश के साथ ससुराल पहुंचा था। देर रात दोनों ने साथ में शराब पी, इसी दौरान शराब खरीदने के लिए मालवा चौरा जाने को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते-देखते गाली-गलौज झगड़े में बदल गई और नशे में धुत सुरेश ने वालाराम की पीठ पर छुरे से कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण वालाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पकड़ा आरोपी, पुलिस ने लिया हिरासत में
वारदात के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी सुरेश गरासिया को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी उत्तम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बेकरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा जाएगा, दोनों पक्षों में बातचीत जारी
थानाधिकारी के अनुसार परिजनों की रिपोर्ट के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं, पिंडवाड़ा कस्बे में दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। रजामंदी के बाद पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.