Site icon 24 News Update

शाहपुरा में मेडिकल स्टोर पर ड्रिप लगाने से महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Advertisements

24 News Update शाहपुरा. शाहपुरा शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। शाहपुरा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर ड्रिप (सलाइन) लगाने के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मृतक महिला गाडरी खेड़ा, शाहपुरा की निवासी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए शाहपुरा के एक मेडिकल स्टोर पर ले जाया गया, जहां मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा महिला को ड्रिप लगाई गई।आरोप है कि ड्रिप लगने के कुछ ही समय बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजनों का कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाया,जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और मेडिकल स्टोर संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि मेडिकल स्टोर पर ड्रिप लगाने की अनुमति थी या नहीं और क्या उपचार योग्य व्यक्ति द्वारा किया गया था।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से मेडिकल स्टोरों पर इलाज किए जाने के मुद्दे पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Exit mobile version