Site icon 24 News Update

भीम थाना क्षेत्र में 10 लाख की चोरी का खुलासा, पुलिस ने कड़िया सांसी गैंग के तीन सदस्यों को नामजद किया, दबिश में रुपयों से भरा बैग बरामद

Advertisements

24 News Update राजसमंद। भीम थाना सर्कल क्षेत्र में 10 लाख रुपए की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुख्यात कड़िया सांसी गैंग से जुड़े तीन सदस्यों को नामजद किया है। दबिश के दौरान आरोपी रुपये से भरा बैग जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बैग से 500, 200 और 100 रुपए की गड्डियों में कुल 10 लाख रुपए बरामद किए हैं।

गाड़ी में रखे थे रुपए
थाना प्रभारी भंवरलाल कुमावत ने बताया कि पीड़ित भूपेंद्र सिंह रावत, निवासी बरार छिपाला थाना भीम, जो सेना में जवान हैं, ने 15 सितंबर को एसबीआई शाखा भीम से ऋण की राशि 10 लाख रुपए निकाली। राशि उन्होंने तहसील रोड पर खड़ी अपनी स्विफ्ट कार की सीट के नीचे बैग में रख दी और जमीन की रजिस्ट्री कराने एडवोकेट के कार्यालय चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी कर लिया।

सीसीटीवी से हुई पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देश पर एएसपी महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी पारस चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी भीम भंवरलाल कुमावत की टीम गठित की गई। टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की कड़िया सांसी गैंग की पहचान की।

जंगल में छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस दबिश के दौरान आरोपी अपनी बस्तियों में नहीं मिले। मुखबिरी से सूचना मिली कि वे गांव के बाहर जंगल की ओर भाग निकले हैं। घेराबंदी में फंसने के डर से आरोपी रुपयों से भरा बैग वहीं छोड़कर फरार हो गए।

नामजद आरोपी
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को नामजद किया है—
अजय उर्फ अभय पिता चिन्दु सांसी (20), निवासी गुलखेडी, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
प्रशांत पिता गणेश सांसी (23), निवासी गुलखेडी, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
विकास पिता सालिगराम सांसी (23), निवासी कड़िया, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
साथ ही एक अन्य अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।

वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार कड़िया सांसी गैंग मुख्य रूप से बैंक, मंडियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देती है। आरोपी मोटरसाइकिल का उपयोग करते हैं और नकदी व जेवरात को निशाना बनाते हैं।

Exit mobile version