24 News Update जयपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के मुख्य पंडाल में ड्रोन उड़ता नजर आया। जिस पंडाल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव का संबोधन होना था, वहां ड्रोन दिखते ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम तुरंत अलर्ट हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माने गए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्रोन को नीचे उतरवाया और पूरे कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया। बाद में स्पष्ट हुआ कि ड्रोन आयोजकों की ओर से उड़ाया गया था, लेकिन वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया गया।
जयपुर स्थित एनआईए परिसर में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री प्रताप राव जाधव ने गलताजी स्थित हर्बल गार्डन में धन्वंतरि उपवन का शुभारंभ किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आरोग्य वाटिका में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि नए भारत में आयुर्वेद के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और केंद्रीय बजट में आयुष विभाग को 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी मिली है।
समारोह के दौरान एनआईए परिसर में एडवांस्ड सिमुलेशन लेबोरेट्री और एनआईए पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन किया गया, वहीं मुख्यमंत्री ने नई ओपीडी बिल्डिंग का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से आयुर्वेद चिकित्सा, शोध और प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी।
स्वर्ण जयंती समारोह में आयुर्वेद की वैश्विक पहचान, शोध कार्यों और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, शोधकर्ता, विद्यार्थी और आयुर्वेद प्रेमी मौजूद रहे।
सीएम की सभा में उड़ने लगा ड्रोन, एजेसिंया हुई अलर्ट…तुरंत किया यह काम

Advertisements
