24 News Update उदयपुर। उदयपुर पुलिस ने मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के सूरत शहर में संचालित कपड़ा फैक्ट्रियों से 91 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया है। ये बच्चे मामूली पैसों पर लंबे समय से काम करने को मजबूर थे और इनमें अधिकांश उदयपुर संभाग के जनजातीय क्षेत्रों से तस्करी कर ले जाए गए थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक और ट्रैफिकर मौके से फरार हो गए।जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ माधुरी वर्मा और पुलिस उप अधीक्षक छगन पुरोहित के नेतृत्व में मानव तस्करी विरोधी यूनिट ने अंजाम दी। अभियान में बाल अधिकार विशेषज्ञ एवं राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. शैलेन्द्र पंड्या, नितिन पालीवाल, पायल कनेरिया तथा गायत्री सेवा संस्थान का भी सहयोग रहा। गुजरात पुलिस ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि सूरत के कपड़ा उद्योगों में बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों से अवैध रूप से मजदूरी करवाई जा रही है। इसके बाद संयुक्त टीम ने विभिन्न फैक्ट्रियों और ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 91 बच्चों को मुक्त कराया गया, जिनकी उम्र 7 से 14 वर्ष के बीच है।प्राथमिक जांच में सामने आया कि बच्चों को गांवों और जनजातीय इलाकों से बहला-फुसलाकर या आर्थिक लालच देकर सूरत ले जाया गया था, जहां उनसे बेहद कम मजदूरी पर लंबे समय तक काम कराया जा रहा था। कई बच्चे अपने परिवारों से दूर महीनों से फैक्ट्री परिसरों में रह रहे थे।मुक्त कराए गए सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति, सूरत के समक्ष पेश किया गया है। समिति के निर्देशानुसार बच्चों की काउंसलिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि बच्चों की तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल थे और किन एजेंटों के जरिए उन्हें गुजरात पहुंचाया गया।जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। होटल, ढाबों, फैक्ट्रियों, दुकानों या घरों में बाल श्रम करवाने वालों के खिलाफ बाल श्रम निषेध अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम या मानव तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस कंट्रोल रूम 100 अथवा 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।इस विशेष अभियान में मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी पुलिस निरीक्षक दयालाल चौहान के साथ उपनिरीक्षक रेखा, सुभाषचंद्र, वनराज सिंह, महिला कांस्टेबल विष्णा, उपनिरीक्षक पर्वत सिंह, सुखलाल, जीवाराम, नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नरपत सिंह, महासिंह, महिला हेड कांस्टेबल आजाद कुँवर, कांस्टेबल अशोक कुमार, सुभाषचंद्र, दिनेश सिंह, रविंद्र, गणेशाराम, धनराज तथा महिला कांस्टेबल ललिता, अल्पना और टीना कुमारी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation बाठेड़ा धाम में उमड़ा बाबेल परिवार का आस्था संगम, 29वें वार्षिक सम्मेलन में पहली बार बना महिला मंडल सायरा में खेत में मिली लाश का 24 घंटे में खुलासा, महिला समेत दो गिरफ्तार, शराब के नशे में विवाद के बाद की थी हत्या