24 News Update उदयपुर। उदयपुर में सोमवार सुबह एक ई-मेल ने कानून के गलियारों को चौकसी के सन्नाटों से भर दिया। जिला एवं सेशन न्यायालय को एक साथ पांच बमों से उड़ाने की धमकी मिली, और देखते ही देखते पूरा न्यायालय परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
सुबह 6:32 बजे जिला एवं सत्र न्यायाधीश (DJ) के आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरा संदेश आया। मेल में लिखा था कि दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में एक साथ 5 बम ब्लास्ट होंगे। सुबह जब कोर्ट स्टाफ ने मेल देखा, तो मामला सीधे जिला एवं सत्र न्यायाधीश तक पहुंचाया गया, और यहीं से शुरू हुआ एक हाई-प्रोफाइल सुरक्षा ऑपरेशन।
सोमवार होने के कारण कोर्ट परिसर रोज की तरह खचाखच भरा हुआ था। अचानक पुलिस गतिविधियों ने माहौल बदल दिया। पहले हलचल, फिर अफरा-तफरी और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को खाली कराने की कवायद शुरू हो गई। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने एक-एक कर वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। इस बीच राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम स्क्वॉड और एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कोर्ट परिसर के हर कोने—कोर्ट रूम, रिकॉर्ड रूम, कैंटीन, पार्किंग—को बारीकी से खंगाला गया। कई हिस्सों को एहतियातन सील कर दिया गया। सर्च ऑपरेशन में डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और तकनीकी टीमों ने मिलकर पूरे परिसर की गहनता से जांच की। दोपहर 1 बजे के तय समय गुजरने के बाद यह साफ हो गया कि यह केवल शरात थी। अब यह पूरा मामला एक गंभीर जांच का विषय बन चुका है कि किसी असामाजिक तत्व की शरारत थी या फिर सुरक्षा व्यवस्था को परखने की साजिश? पुलिस ई-मेल के सोर्स और तकनीकी डिटेल्स खंगाल रही है।

