24 News update जयपुर. जयपुर के 22 गोदाम चौराहे पर स्थित एक होटल होलिडे इन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म इसी होटल के एक निजी कार्यक्रम में बैठे हुए थे। पुलिस ने धमकी की जानकारी अधिकारियों और मंत्री को दी। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और एटीएस सहित कई टीमें मौके पर पहुंची।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार सुबह 2 कोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। इनमें एक जयपुर मेट्रो कोर्ट और एक फैमिली कोर्ट थी। धमकी भरे ई-मेल के बाद हड़कंप मच गया था। मेल में शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक 3 आईडी से दो कोर्ट में धमाके करने की जानकारी थी। मेल भेजने वाले ने खुद को पूर्व नक्सली बताया था। सुबह मेल मिलने के बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया था।
मौके पर पहुंचे बम और डॉग स्क्वॉयड ने फैमिली कोर्ट में करीब चार घंटे सर्च किया था। वहीं, जयपुर मेट्रो कोर्ट में करीब एक घंटे तक सर्च करने के बाद परिसर को सेफ बताया था
जयपुर में बम ब्लास्ट की धमकी का लंबा सिलसिला
इससे पहले 13 मई, 12 मई और 8 मई को सवाई मानसिंह स्टेडियम को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें 13 मई को मिले मेल में बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई थी
9 मई को जयपुर मेट्रो को बम से उड़ने की धमकी मिली थी। जयपुर मेट्रो की मेल आईडी पर ईमेल मिला था। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जयपुर मेट्रो स्टेशन और ट्रेन दोनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला था।

