Site icon 24 News Update

पटना के अस्पताल में 30 सेकेंड का गैंगवार: वार्ड में घुसकर शूटआउट, पैरोल पर आए गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या

Advertisements

24 News Update पटना। राजधानी पटना के पॉश इलाके में स्थित पारस अस्पताल गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात का गवाह बना, जब पांच बदमाशों ने हॉस्पिटल के वार्ड में घुसकर कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। पूरी वारदात महज 30 सेकेंड में अंजाम दी गई, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।
फिल्मी स्टाइल में किया शूटआउट, हथियार निकालते ही वार्ड में घुसे
CCTV में दिखाई दे रहा है कि पांच हमलावर—जिनमें से चार ने कैप पहन रखी थी—हथियार निकालकर सीधे वार्ड की ओर बढ़ते हैं। किसी ने भी चेहरा नहीं ढंका था और सभी की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच लग रही है। वार्ड में दाखिल होते ही उन्होंने कमर से पिस्टल निकाली, नॉट चढ़ाई और सीधे बेड नंबर 209 पर लेटे चंदन मिश्रा पर फायरिंग कर दी।
गोलियां मारने के बाद सभी बदमाश पिस्टल कमर में खोंसते हुए बाहर निकल गए और फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने इस हत्या का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।
कौन था चंदन मिश्रा: हत्या, अपहरण और रंगदारी का था लंबा रिकॉर्ड
बक्सर का निवासी चंदन मिश्रा पुलिस रिकॉर्ड में एक दुर्दांत अपराधी था। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी व अपहरण जैसे 10 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। वह राजेंद्र केसरी नामक चूना व्यवसायी की सनसनीखेज हत्या का दोषी था, जिसमें कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
पुलिस के अनुसार, चंदन पहले शेरू नामक अपराधी का सहयोगी था। दोनों ने कई वारदातें एक साथ की थीं। लेकिन पैसे और वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी। शेरू ने अलग गैंग बना लिया और आरा तनिष्क लूट जैसे मामलों में उसका नाम सामने आया। पुलिस को शक है कि इसी शेरू गैंग ने चंदन की हत्या कराई है।
पैरोल पर अस्पताल में भर्ती था, वारदात से एक दिन पहले ही होना था डिस्चार्ज
चंदन मिश्रा पिछले 12 सालों से जेल में बंद था और वर्तमान में बेऊर जेल, पटना में सजा काट रहा था। लिवर की बीमारी के चलते उसे 15 दिन की पैरोल मिली थी, जो 18 जुलाई को खत्म होनी थी। वह इलाज के लिए पारस अस्पताल में भर्ती था और बुधवार को ही डिस्चार्ज होने वाला था, लेकिन किसी कारण से प्रक्रिया टल गई। वारदात के वक्त चंदन अपने बेड पर सो रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
पुलिस की कार्रवाई: SIT गठित, विरोधी गैंग की भूमिका पर शक
घटना के तुरंत बाद शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू की। पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि, “चंदन मिश्रा पर हत्या समेत कई संगीन आरोप थे। वह सजायाफ्ता था और जेल में रहते हुए भी उसकी आपराधिक गतिविधियां जारी थीं। प्रारंभिक जांच में मामला विरोधी गैंग द्वारा रंजिशन हत्या का लग रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए SIT गठित कर दी गई है।” सवाल यह भी उठ रहा है कि सुरक्षा के बीच पांच हथियारबंद बदमाश अस्पताल में कैसे घुसे और वार्ड तक पहुंच गए? चंदन जैसे हाई-प्रोफाइल कैदी को किस स्तर की सुरक्षा दी गई थी? अब पुलिस अस्पताल प्रशासन से भी पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version