बांसवाड़ा। आंबापुरा थाना पुलिस और साइबर सेल ने नेशनल हाईवे-927ए स्थित महाराणा प्रताप सेतु गेमन पुल पर हुई 1.18 करोड़ रुपए की लूट का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। खास बात यह सामने आई कि ड्राइवर ने पुलिस को 18 लाख रुपए की लूट की रिपोर्ट दी थी, जबकि वास्तविक रकम 1 करोड़ 18 लाख रुपए थी। ड्राइवर को पूरी रकम की जानकारी नहीं थी।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि शिकायतकर्ता मोहन (30) पुत्र अमरेग निवासी ठिकरिया, थाना रजतलाब, विवेक जैन निवासी बाहूबली कॉलोनी के यहां ड्राइवर और मुनीम का काम करता है। 17 सितंबर को वह साथी मुकेश पुत्र विठला मईड़ा के साथ स्विफ्ट डिजायर से रतलाम गया था। विवेक जैन के कहने पर दो लोगों से रकम लेकर दोनों ने उसे कार की पिछली सीट पर रखा और रात करीब 8:30 बजे बांसवाड़ा के लिए रवाना हुए।

रात करीब 10:05 बजे गेमन पुल पार कर माताजी मंदिर के पास पहुंचे तो मुख्य सड़क पर अचानक एक ट्रैक्टर आ गया। कार रुकते ही पीछे से बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर आकर रुकी। उसमें से 3-4 बदमाश उतरे और लाठी-तलवार से कार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने कार लॉक कर कांच तोड़ दिए और दोनों को बाहर खींच लिया। इसके बाद कार में रखे रुपयों के पार्सल और मोबाइल लूटकर बांसवाड़ा की ओर फरार हो गए।

नाले में शराब पार्टी करते मिले आरोपी

एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। 24 सितंबर को सूचना मिली कि अजय डिंडोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानू और प्रकाश कटारा गणाऊ में सुनसान जगह स्थित एक नाले में शराब पार्टी कर रहे हैं।

पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। भागने के प्रयास में अजय डिंडोर और मोहनलाल राणा पत्थरों पर गिर गए और उनके पैरों में चोट आई। पुलिस ने चारों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और इसी वजह से लूट की साजिश में शामिल हुआ था। पुलिस अब रिमांड के दौरान लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

गिरफ्तार आरोपी

अजय पुत्र सत्तू डिंडोर (34), निवासी डामरवासा नवागांव, थाना सदर, बांसवाड़ा; मोहनलाल पुत्र नवलसिंह राणा (33), निवासी भुतिया डुगरी, थाना सदर; प्रकाश पुत्र मंगला कटारा (39), निवासी धनपुरा, बोदला, थाना सदर और कन्हैयालाल उर्फ कानू पुत्र नाथूलाल कटारा (36), निवासी गणाऊ, थाना सदर, बांसवाड़ा।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह, एएसआई गजराज सिंह, एएसआई विशाल सिंह (रजतलाब), एएसआई रवि कुमार थापा (सज्जनगढ़), हेड कांस्टेबल शंकरलाल, हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह (सदर), पुष्पराज सिंह, हितैश पाटीदार, भागचंद, जोर सिंह, धीरेन्द्र सिंह (आंबापुरा) और साइबर सेल के धीरूज का विशेष योगदान रहा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading