Site icon 24 News Update

हिस्ट्रीशीटर की 2 करोड़ की प्रोपर्टी फ्रीज, हुंडई क्रेटा कार, स्लीपर बसें जब्त

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. बाड़मेर। बाड़मेर जिले में पुलिस ने पहली बार बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर विरधाराम की लगभग 2 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस) एक्ट के तहत की गई। विरधाराम, जो सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, ने अवैध गतिविधियों से यह संपत्ति अर्जित की थी।
पुलिस ने विरधाराम के आलीशान घर के बाहर एक बोर्ड लगाया जिसमें संपत्ति फ्रीज करने की सूचना दी गई है। इसके अलावा उसकी हुंडई क्रेटा कार और तीन स्लीपर बसों को भी जब्त किया गया है। एएसपी जसाराम बोस ने जानकारी दी कि यह संपत्ति विरधाराम और उसकी पत्नी के नाम पर थी। इस कार्रवाई को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत अंजाम दिया गया है, जिसमें अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का प्रावधान है।
विरधाराम के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2012 में दर्ज हुआ था। तब से लेकर अब तक उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन, मारपीट के तीन, और आर्म्स एक्ट के दो सहित कुल 10 मामले दर्ज हैं। फ्रीज की गई संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने घर के आगे ‘फ्रीज’ का बोर्ड लगाया, जिसमें लिखा गया कि इस संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक SRFEM(FOP) ACT एवं NDPS ACT, दिल्ली सरकार के आदेश के तहत फ्रीज किया गया है। इसे बेचने, खरीदने, गिरवी रखने या हस्तांतरित करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुलिस ने संबंधित आरटीओ को पत्र भेजकर गाड़ियों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि इनकी खरीद-फरोख्त न हो सके। हालांकि, कार्रवाई के दौरान विरधाराम पुलिस के घर पर मौजूद नहीं मिला।
कार्रवाई के समय एएसपी जसाराम बोस, डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, सदर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अब अन्य हिस्ट्रीशीटरों की अवैध संपत्तियों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version