Site icon 24 News Update

कल जिस हिस्ट्रीशीटर की 2 करोड़ की प्रॉपर्टी फ्रीज की थी आज उसकी सड़क हादसे में मौत

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. बाड़मेर। बाड़मेर जिले में ड्रग्स तस्करी के आरोप में हिस्ट्रीशीटर विरधाराम की करीब 2 करोड़ रुपए की संपत्ति सोमवार को पुलिस ने फ्रीज कर दी। इस कार्रवाई के महज 19 घंटे बाद मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश के कानपुर एक्सप्रेस हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में विरधाराम की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के बिल्हौर के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे विरधाराम अपने दो दोस्तों वीरेंद्र गोदारा और चूनाराम के साथ स्विफ्ट कार में बिहार के गया एक धार्मिक कार्यक्रम में जा रहा था। कार ट्रेलर में पीछे से घुस गई, जिसमें विरधाराम की मौके पर मौत हो गई। वीरेंद्र गोदारा और चूनाराम गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधान का इस्तेमाल करते हुए विरधाराम की संपत्ति जब्त की थी। कार्रवाई के तहत अलीशान मकान, हुंडई क्रेटा कार, और तीन स्लीपर बसों को फ्रीज किया गया। संबंधित संपत्तियां विरधाराम और उसकी पत्नी के नाम थीं। काले धन को सफेद करने की कोशिश थी। विरधाराम ने पत्नी के नाम पर वी.आर. सियोल कंस्ट्रक्शन कंपनी बनाकर अवैध धन से बसें और कारें खरीदीं। ड्रग्स तस्करी के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने का आरोप था। पुलिस ने संपूर्ण दस्तावेज जुटाकर नई दिल्ली स्थित सक्षम अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा। एएसपी जसाराम बोस ने बताया कि यह जिले में पहली बार ऐसी संपत्ति जब्ती की कार्रवाई है। अब भविष्य में अन्य अपराधियों पर भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी। विरधाराम पर एनडीपीएस एक्ट समेत 8 मामले दर्ज थे। उसने मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित की थी।

Exit mobile version