Site icon 24 News Update

सांवलियाजी के चढ़ावे में आई 58 किलो से अधिक अफीम जब्त

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. सांवलियाजी। नारकोटिक्स विभाग ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित श्री सांवलियाजी मंदिर के तहखाने से 58 किलो से अधिक अफीम जब्त की। यह अफीम वर्षों से मंदिर में चढ़ावे के रूप में इकट्ठा हो रही थी। परंपरा का हिस्सा – यह अफीम मुख्य रूप से किसानों द्वारा चढ़ाई जाती थी। मेवाड़ और मालवा क्षेत्रों में अफीम की खेती बड़े पैमाने पर होती है, और जब किसानों की फसल अच्छी होती थी, तो वे श्रद्धा के रूप में इसका एक हिस्सा मंदिर में चढ़ाते थे। नारकोटिक्स विभाग की दो टीमें (नीमच, मंदसौर और प्रतापगढ़ से) गुरुवार को मंदिर पहुंचीं। उन्होंने तहखाने में रखी अफीम की जांच की और उसे इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौला। करीब 4 घंटे तक चली इस प्रक्रिया के बाद विभाग ने पूरी अफीम को अपने कब्जे में ले लिया। कुछ साल पहले तक मंदिर के पुजारी इस अफीम का स्वयं उपयोग करते थे और इसे विशिष्ट भक्तों को प्रसाद के रूप में भी वितरित किया जाता था। हालांकि, यह परंपरा विवादों में आने के बाद प्रशासन ने इसे रोक दिया और अफीम को तहखाने में रखना शुरू कर दिया। आरटीआई कार्यकर्ता की शिकायत के बाद इस परंपरा पर सवाल उठाते हुए नारकोटिक्स विभाग को शिकायत भेजी। इस शिकायत के आधार पर विभाग ने जांच शुरू की और मंदिर से अफीम जब्त कर ली। अब मंदिर प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय बनाकर यह तय किया गया है कि भविष्य में हर चतुर्दशी को पुलिस की निगरानी में भंडार से निकलने वाली अफीम को वजन करके पुलिस को सौंपा जाएगा, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। श्री सांवलियाजी मंदिर में हर महीने करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है। जनवरी 2025 में मंदिर को 22.92 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला, जिसमें नकद, सोना और चांदी भी शामिल था। औसतन हर महीने 18-20 करोड़ रुपये का चढ़ावा चढ़ता है।

Exit mobile version