76908 किलो अफीम भेजने के लिए बुक करवाई स्पेशल ट्रेन
24 न्यूज अपडेट. चित्तौड़गढ़। नारकोटिक्स विभाग के पहले और दूसरे डिवीजन में अफीम तौल खत्म हो गया हैं किसानों से एकत्रित की अफीम अब 16 अप्रैल को गाजीपुर रेलगाडी से भेजी जाएगी। नारकोटिक्स विभाग की ओर से 16 अप्रैल को अफीम भेजने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 22 डिब्बों की स्पेशल ट्रेन बुक कराई गई है। इसके लिए अभी तक 29 लाख 10 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। लगभग 14 से 15 ट्रकों में अफीम भरकर चंदेरिया स्टेशन ले जाया जाएगा। अफीम पूरी सुरक्षा के साथ ले जाएंगे। लगभग 40 मजदूर काम पर लगाए गए हैं। चुनाव के कारण इस बार पुलिस विभाग की ओर से जाब्ता नहीं दिया गया। रेल ट्रैक तक ही 3 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके आगे नारकोटिक्स विभाग की ओर से 18 कर्मचारी और सशस्त्र जवान पूरी निगरानी करेंगे। चित्तौड़गढ़ के दोनों और भीलवाड़ा डिवीजन को एवरेज 6 से 7 डिब्बे दिए जाएंगे। कंटेनर की संख्या पर डिब्बों की संख्या तय की जाएगी।
पहले और दूसरे डिवीजन से अब तक 76 हजार 908 किलो 055 ग्राम अफीम मिली है। इसका किसानों को 11 करोड़ 63 लाख 44 हजार 100 रुपए का भुगतान हुआ है। तुलाई का काम 3 अप्रैल से शुरू हुआ था। पहले डिवीजन का काम शनिवार को और दूसरे का तौल का काम शुक्रवार को खत्म हुआ। दोनों डिवीजन के अधिकारियों ने सभी अफीम के कंटेनरों को मुख्यालय पर बने सेंट्रल गोदाम में रख दिया है। शनिवार शाम को भीलवाड़ा जिले में तुलवाई गई अफीम भी कंटेनरों में भरकर ट्रक के माध्यम से चित्तौड़गढ़ भिजवाई गई। भीलवाड़ा से कुल 5391 कंटेनर भिजवाए गए। फर्स्ट डिवीजन के 301 गांवों के 4984 किसानों से अफीम ली गई। कुल 40712.110 किलो अफीम ली गई, जिसके बदले में उन्हें 5 करोड़ 81 लाख 19 हजार 500 रुपए चुकाएं गए। इसमें 8 लाख 45 हजार रुपए मुखिया का कमीशन भी शामिल है। पहले खंड के अधीन 7 तहसीलों चित्तौड़गढ़, बस्सी, भदेसर, वल्लभनगर भींडर, लसाडिया और कानोड़ तहसील के किसान है। दूसरे डिवीजन के 187 गांवों के 4341 किसानों से कुल 36195.945 किलो अफीम ली गई। किसानों को 5 करोड़ 82 लाख 24 हजार 600 रुपए भुगतान किए गए।

