24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के बारों का शेर गांव में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें शराब के लिए पैसे न देने पर तीन बदमाशों ने सुनील बाड़ोत नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। सुनील खेरवाड़ा तहसील के सरेरा गांव का निवासी है और बाइक पर सवार होकर अपने गांव से डूंगरपुर जा रहा था। देवल गांव के पास स्थित बारों का शेर के समीप अचानक तीन युवक बाइक से आए और सुनील को रोक लिया। बदमाशों ने सुनील से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और इसके बाद चाकू निकालकर उसकी पीठ और हाथ पर वार कर दिया। हमले के कारण सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सूचना पुलिस को दी गई। 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल युवक को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए तीनों हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हमले ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है।
शराब के पैसे नहीं दिए तो रास्ते में रोक कर पीठ में छुरा घोंपा

Advertisements
