Site icon 24 News Update

बाड़मेर : रास्ता नहीं मिला तो कलेक्टर टीना डाबी से मांगा हेलिकॉप्टर

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. बाड़मेर। जिले के सेड़वा उपखंड मुख्यालय में आयोजित रात्रि चौपाल में एक अनोखा मामला सामने आया। एक फरियादी ने कलेक्टर टीना डाबी से हेलिकॉप्टर की व्यवस्था करने की मांग कर दी। फरियादी का कहना था कि उसके घर जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है, और जो रास्ता पहले था, उसे बंद कर दिया गया है। इसलिए या तो रास्ता खुलवाया जाए या हेलिकॉप्टर की व्यवस्था करवा दी जाए।
क्या है मामला?
फरियादी मांगीलाल, निवासी बाधा जोरापुरा गांव, अपनी शिकायत लेकर चौपाल में पहुंचा। उसने बताया कि उसके घर तक जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे वह अपनी फसल भी खेत से नहीं ला सकता और बीमार होने पर मरीज को चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ता है। पीटीआई शिक्षक खेराजराम पर आरोप लगाया कि उसने रास्ते पर जीरा की फसल लगा दी और अतिक्रमण कर लिया है।
पहले भी कर चुका है शिकायत
मांगीलाल का कहना था कि वह पहले भी कई बार एसडीएम और राजस्व अधिकारियों के पास गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। चौपाल में मौजूद एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने जब पूछा कि पहले क्यों नहीं आए, तो उसने जवाब दिया कि कई बार शिकायत कर चुका हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
कलेक्टर टीना डाबी ने फरियादी को समझाया और भरोसा दिलाया कि समस्या का हल किया जाएगा। एसडीएम ने जांच के आदेश दिए और शिक्षा विभाग को पीटीआई को पाबंद करने के निर्देश दिए। 7-8 दिनों में रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया गया। 50 साल पुराना घर, लेकिन रास्ता बंद है। मांगीलाल का घर भारत माला हाईवे से आधा किमी दूर है। 50 साल से उसका परिवार यहां रह रहा है, लेकिन चार-पांच महीने पहले रास्ता बंद कर दिया गया।

Exit mobile version