Site icon 24 News Update

पोकरण थाने पर पथराव : सरपंच पति फिरोज समेत 13 गिरफ्तार, 40 नामजद

Advertisements

24 News Update पोकरण (जैसलमेर)। सोशल मीडिया पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी की तस्वीर शेयर कर अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले ने रविवार रात कस्बे में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। इस विवाद के बाद बड़ी संख्या में लोग पोकरण थाने पहुंच गए और उत्पात मचाया। थाने पर पथराव की घटना के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले में पुलिस ने गोमट सरपंच पति फिरोज खान समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर 40 अन्य को नामजद किया है। पुलिस ने बताया कि 22 जून को एक युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इसके बाद रविवार रात करीब 9 बजे पुलिस ने गोमट निवासी रफीक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही रात करीब 10:30 बजे गोमट के सरपंच पति फिरोज खान बड़ी संख्या में लोगों को साथ लेकर थाने पहुंचा और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करने लगा। डीएसपी भवानी सिंह के अनुसार, शराब के नशे में फिरोज खान ने भीड़ को उकसाया और थाने में उत्पात मचाया। पुलिस ने हालात बिगड़ते देख लाठीचार्ज किया और भीड़ को खदेड़ा। मौके से फिरोज खान समेत 13 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि करीब 40 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। एएसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि रविवार रात थाना परिसर और गेट के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इस मामले में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर जैसलमेर एसपी सुधीर चौधरी रविवार देर रात ही पोकरण पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक या सामाजिक व्यक्ति के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी सुधीर चौधरी सोमवार दोपहर इस प्रकरण पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी साझा करेंगे। उधर, सोमवार सुबह भी लोग थाने के बाहर एकत्र हुए, जहां पुलिस ने समाज के प्रबुद्धजनों से वार्ता कर समझाइश की। डीएसपी भवानी सिंह के मुताबिक, भीड़ जुटाने का मुख्य आरोपी सरपंच पति फिरोज खान था, जिसने शराब के नशे में लोगों को भड़काकर थाने पर हमला करवाया। पुलिस ने उसे और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पोकरण कस्बे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version