Site icon 24 News Update

पुलिस नाकाम, बदमाश बेखौफ, डूंगरपुर में बेकाबू हो रहे देसी पत्थरबाज : चलती कार पर फेंकी शराब की बोतल

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. डूंगरपुर। डूंगरपुर में देसी पत्थरबाज एक बार फिर से सिर उठा रहे हैं। पुलिस इस बार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। हर दूसरे दिन इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही है व इससे जिले की छवि भी खराब हो रही है। व्यापारी पहले से पलायन की स्थिति व मानसिकता में आ चुके हैं। ऐसे में त्योहारों पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। वीआईपी की खुशामद व बॉर्डर पर नकदी, शराब पकड़ने से ज्यादा जरूरी आमजन में विश्वास है जो बहाल हो ही नहीं पा रहा है। कल कोटाणा मेंताली रोड पर एक कार पर शराब की बोतल फेंकी गई जिससे कांच टूट गया। सदर थाना क्षेत्र में कोटाणा मेंताली रोड पर घटना हुई। यहां पर कार पर शराब की बोतल फेंकने से कांच टूट गया। बदमाशों ने कार को लूटपाट के लिए रोका, कोशिश की मगर कार ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई। कोटाणा से मेंताली रोड पर सोमवार रात वारदात हुई। मेंताली निवासी लोकेश प्रजापत ने बताया कि वह सोमवार को अर्टिका से डूंगरपुर वापस लौट रहे थे। कोटाणा से आगे मेंताली रोड पर सामने से बाइक पर तीन बदमाश आए। हाथों में शराब की बोतलें लहरा रहे थे। रोकने के लिए बदमाशों ने उनकी चलती गाड़ी पर शराब की बोतल फेंकी। इससे कार के आगे का कांच टूट गया। इसके बाद भी बदमाश बाज नहीं आए और लूटपाट की मंशा से बदमाशों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोकेश ने कार को दौड़ाकर गांव की ओर मोड़ दिया। लोगों को घटना के बारे में बताया। गनीमत रही कि कोई चोट नहीं लगी। सदर थाने में भी रिपोर्ट दी गई। शाम ढलते ही बदमाशों और शराबियों की हरकतों से अब लोगों में भय का माहौल है।

Exit mobile version