Site icon 24 News Update

दिल्ली नंबर कार से 22 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update डूंगरपुर। डूंगरपुर जिले की धंबोला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिल्ली नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। धंबोला थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में अंग्रेजी शराब भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मांडली जाने वाले रोड पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान गेंजी की ओर से आ रही तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। कार चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम धर्माराम पुत्र महेंद्र कुमार जाट, निवासी सनावाड़ा, थाना सदर बाड़मेर बताया। चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और पीछे की सीटों के बीच छिपाकर रखे गए 22 कार्टन विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद किए गए। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं मिले। पुलिस ने मौके पर ही शराब और कार को जब्त कर लिया तथा आरोपी चालक धर्माराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप गुजरात ले जाई जा रही थी।

Exit mobile version