24 न्यूज अपडेट. जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से आज राजस्थान ज्यूडिशियल सर्विस याने कि आरजेएस का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। हनुमानगढ़ की राधिका बंसल ने इस एग्जाम को टॉप किया है। इस सूची में जोधपुर की महक सिंघल (24) ने आरजेएस में 30वी रैंक हासिल की है। महक ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की। महक के पिता महेंद्र कुमार सिंघल उदयपुर में जिला जज हैं। पिता की प्रेरणा से उन्होंने यह एग्जाम दिया था। उनकी माता सरिता सिंघल गृहणी हैं। भाई प्रीत सिंघल 12वीं में पढ़ रहा हैं। उनकी बड़ी बहन ऊर्जा सिंघल जयपुर एसएमएस में डॉक्टर हैं। सूची में डेंटिस्ट परमा चौधरी ने तीसरी रैंक हासिल कर सबको चौंकाया तो टॉप-10 अभ्यर्थियों में 9 लड़कियांं ने बाजी मारी है। ओबीसी (नॉन क्रीमीलेयर) कैटेगरी के तनुराग सिंह चौहान ने 187.5 अकों के साथ दूसरा स्थान पाया है। इस परीक्षा में इस बार 222 परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। जनरल कैटेगरी में 92 कैंडिडेट, एससी कैटेगरी में 35, एसटी कैटेगरी में 24, ईडब्ल्यू एस कैटेगरी में 21, ओबीसी एमबीसी (नॉन क्रीमीलेयर) कैटेगरी में 45, एमबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) कैटेगरी में 5 कैंडिडेट पास हुए हैं। आपको बता दें कि आरजेएस मुख्य परीक्षा-2024 के करीब 99 अभ्यर्थियों ने रिजल्ट को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे रखी है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि राजस्थान हाईकोर्ट ने आरजेएस मुख्य परीक्षा 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित करवाई थी। इसमें करीब 3500 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हाईकोर्ट ने परीक्षा का परिणाम 1 अक्टूबर को जारी करते हुए इनमें से 638 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए कॉल किया। जिन अभ्यर्थियों को असफल घोषित किया गया, उनमें से अधिकतर अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनके अंग्रेजी के पेपर में 0 से 10 नंबर ही दिए गए। सुप्रीम कोर्ट ने 18 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट से जवाब मांगा और याचिकाकर्ताओं की आंसर शीट तलब की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा- जिन याचिकाकर्ताओं के अंग्रेजी विषय के पेपर में जीरो से 15 नंबर आए हैं। उन सभी की आंसर शीट सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाए। 21 अक्टूबर को एक बार फिर मामले में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट से उन अभ्यर्थियों के लॉ पेपर के नंबर मांगे, जिनके अंग्रेजी निबंध के पेपर में जीरो से 15 नंबर आए हैं। इस बीच पुष्कर निवासी भागचंद पवार ने 42वीं रैंक हासिल की हैं। भागचंद ने पांच महीने पहले जेएलओ के रिजल्ट में 39वीं रैंक हासिल की थी। भागचंद पुष्कर के पास गांव बासेली के रहने वाले हैं। उनके पिता सब्जी विक्रेता हैं। कपासन की प्रियंका बैरवा ने 204वीं रैंक हासिल की हैं। प्रियंका के परीक्षा में 139 नंबर आए हैं। प्रियंका बैरवा जुलाई में ही जूनियर लीगल ऑफिसर के पद पर नियुक्त हुई थी। प्रियंका ने 2021 में उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी से एलएलबी की है।
आरजेएस का रिजल्टी घोषित : उदयपुर जिला जज की बेटी महक बनी जज, हनुमानगढ़ की राधिका बंसल टॉपर

Advertisements
