24 न्यूज अपडेट उदयपुर। उदयपुर में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कल होने वाले रोड शो की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आज बापू बाजार में एसपी योगेश गोयल सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में रोड के दोनों तरफ आदमकद रेलिंग लगाने का पूर्वाभ्यास किया गयां। बताया जा रहा है कि इन रेलिंग पर खडे होकर कार्यकर्ता अपने नेताओं का दीदार कर सकेंगे, उन पर फूल बरसा सकेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से भी ये रेलिंग काम आएंगी। इस तरह का अरेंजमेंट उदयपुर के चुनावी इतिहास में पहली बार किया जा रहा है। रेलिंग को जब सड़क के दोनों छोर पर लगा दिया गया तो दुकानदार भड़क गए। उन्होंने कहा कि इससे तो उनकी ग्राहकी ही खत्म हो जाएगी। प्रशासन जो भी करना चाहता है उसकी पूर्व सूचना दे और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर ही करें। दुकानदारों ने कहा कि रोड शो कल है और आज से ही उनकी दुकानों को रेलिंग लगा कर बंद करना न्यायोचित नहीं है। कुछ का कहना था कि सावों का सीजन है और यही साल भर की ग्राहकी का भी मौका है। ऐसे में नेताओं के चक्कर में वे अपना बिजनेस क्यों चौंपट करें?
इसके बाद रेलिंग को हटाकर सड़क के बीचोंबीच रख दिया गया। आपको बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी अमित शाह उदयपुर में रोड शो करने आए थे मगर तब भी बाजार में इस प्रकार की फेंसिंग नहीं की गई थी। अमित शाह का यह हाई प्रोफाइल चुनावी रोड शो बापू बाजार से शुरू होकर अस्थल मंदिर तक जाएगा। इस रोड शो के लिए यह बेरिकेड लगवाए जा रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह को जेड़ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है तथा शहर में बापू बाजार से अस्थल तक घनी आबादी वाला क्षेत्र होने से रोड शो के दौरान सुरक्षा का जिम्मा संभालना उदयपुर पुलिस के लिए भी बडी चुनौती है। इसी के साथ ही कई बड़े नेताओं की मौजूदगी और सांस्कृतिक झांकियां भी होंगी। इतने बड़े तामझाम को देखते हुए कल रात को अमित शाह के आने की खबर के बाद से प्रशासन ने जबर्दस्त तैयारियां शुरू कर दी थी। रातोंरात रेलिंग बनकर मौके पर भी पहुंचा दी गई और मिनट टू मिनट कार्यक्रम बना लिया गया है जिसका आज से ही पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा के लिए विभिन्न बिल्डिंगों पर भी चप्पे चप्पे में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। हालांकि कल बाजार बंद करवाने या फिर यातायात डाइवर्ट करने पर अब तक कोई अपडेट नहीं आई है। बहरहाल, इस सुरक्षा इंतजाम के शहर में बड़े चर्चे हैं व अभी से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने लगे हैं।

Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.