उदयपुर, 23 जनवरी। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर उदयपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय समारोह में जहां एक तरफ राजस्थान के सांस्कृतिक गौरव की झलक दिखेगी, वहीं दूसरी ओर विकसित भारत के संकल्प के साथ कदमताल करते आपणो अग्रणी राजस्थान का भी दिग्दर्शन होगा। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में 6 विभागों और 11 जिलों की झांकियां शामिल की जा रही है। इन झांकियों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से प्रदेश में आई बदलाव की बयार और हर घर खुशहाली को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही राजस्थान के कण-कण में रची-बसी शौर्य और बलिदान की गाथाओं और समृद्ध सांस्कृतिक वैशिष्टय् को भी प्रस्तुत किया जा रहा है।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में झांकी प्रदर्शन को लेकर राज्य स्तर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त श्री सुनील शर्मा को नोडल नियुक्त किया गया है। विभिन्न विभागों तथा जिलों से प्राप्त झांकी प्रस्तावों के आधार पर मुख्य समारोह के लिए 17 झांकियों को सूचीबद्ध किया है। इसमें 6 विभाग तथा उदयपुर संभाग के सभी जिलों सहित कुल 11 जिले शामिल हैं। इधर, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने झांकी प्रदर्शन को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित कराने के लिए जिला स्तर पर भू प्रबंधन अधिकारी श्रीमती कीर्ति राठौड़ को प्रभारी नियुक्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संबंधित विभाग और जिलों की ओर से झांकियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
*कृषि व औद्योगिक विकास से लेकर पर्यटन और जलग्रहण तक का प्रदर्शन*
गणतंत्र दिवस पर पर्यटन विभाग की ओर से उदयपुर सहित प्रदेश भर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को प्रदर्शित करती झांकी तैयार की जा रही है। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी हारेगा, देश जीतेगा तथा म्हारे गांव, टीबी ना पसारे पांव थीम पर झांकी सजाई जा रही है। कृषि विभाग एवं कृषि विपणन विभाग समन्वित कृषि प्रणाली एवं जैविक खेती मॉडल पर आधारित झांकी तैयार कर रहे हैं। इसमें वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन इकाई, नमो दीदी-ड्रोन (सजीव प्रदर्शनी), फूलों की खेती, सब्जी की उन्नत खेती, मुर्गीपालन, खरगोश पालन, जापानी बटेर पालन एवं बकरी पालन आदि को प्रदर्शित किया जाएगा। झांकी के साथ गवरी लोक नृत्य का भी प्रदर्शन होगा। उद्योग, वाणिज्य एवं बीआईपी विभाग की ओर से राइजिंग राजस्थान थीम का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें राज्य में हुए निवेश प्रस्तावों का चित्रण करते हुए आने वाले समय में प्रदेश में निवेश और रोजगार के बढ़ते अवसरों को दिखाया जाएगा। पंचायतीराज विभाग मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत हो रहे कार्यों तथा उसके प्रभावों को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। उक्त झांकी के साथ लोक कलाकार कठपुतली, नुक्कड़ नाटक आदि भी प्रदर्शित करेंगे।
*शौर्य और बलिदान की गाथाएं होंगी जीवंत*
राज्य स्तरीय समारोह में उदयपुर सहित 11 जिलों की झांकियां भी शामिल की जा रही हैं। इसमें चित्तौड़गढ़ जिले से संत मीराबाई की 525वीं जयंती के उपलक्ष्य में भक्ति, शक्ति और त्याग की त्रिवेणी चित्तौड़गढ थीम पर झांकी सजाई जा रही है। इसमें मेवाड़ के शौर्य के साथ ही मां पन्नाधाय के बलिदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं सांवरिया सेठ मंदिर की प्रतिकृति भी शामिल रहेगी। बांसवाड़ा जिले से आदिवासी धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल मानगढ़ धाम की झांकी तैयार की जा रही है। इसमें गोविन्द गुरू की प्रतिमा तथा राजस्थान के जलियावाला बाग मानगढ़ धाम के बलिदान का दिग्दर्शन होगा। डूंगरपुर जिले से सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासतों को सहेजते हुए झांकी तैयार की जा रही है। इसमें एक थम्बिया महल, बादल महल, देवसोमनाथ मंदिर और बेणेश्वर धाम को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रतापगढ़ जिले से कांठल- आस्था और प्रकृति का संगम थीम की झांकी रहेगी। इसमें सीतामाता वन्यजीव अभ्यारण्य, गौतमेश्वर मंदिर के साथ ही गैर नृत्य, स्थानीय मांडना व थेवा कला को भी प्रदर्शित किया जाएगा। सलूम्बर जिले से हाड़ा रानी के बलिदान, महाराणा प्रताप के शौर्य, मां ईडाणा की आस्था एवं जयसमंद झील के माध्यम से मेवाड़ के महाराणाओं की जल संग्रहण हेतु दूरदर्शिता की थीम पर झांकी सजाई जा रही है।
*स्वच्छता और विकास के बढ़ते कदम भी….*
झांकियों में स्वच्छता और विकास के बढ़ते कदम भी परिलक्षित होंगे। राजसमंद जिले की झांकी में स्वच्छता का 4 पी मॉडल, माय ऑफिस क्लीन ऑफिस तथा सामूहिक स्वच्छता अभियान की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। वहीं कोटा जिले से कामयाब कोटा थीम पर झांकी सजाई जा रही है। राजधानी जयपुर से भी विकास और सांस्कृतिक वैभव को प्रदर्शित करती झांकी रहेगी। भरतपुर जिले से युनेस्को वर्ल्ड नेचुरल साइट में शामिल केवलादेव घना पक्षी विहार की झांकी प्रस्तुत की जा रही है। वहीं बीकानेर जिला सौलर ऊर्जा में अग्रणी राजस्थान को दर्शाएगा।
*उदयपुरः डेस्टिनेशन वेडिंग हब*
गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में उदयपुर जिले से नए विषय डेस्टिनेशन वेडिंग हब पर झांकी तैयार की जा रही है। जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में तैयार की जा रही इस झांकी में उदयपुर जिले की ऐतिहासिक व प्राकृतिक धरोहरों को चित्रित करते हुए यहां डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते क्रेज को प्रदर्शित किया जाएगा। झांकी के माध्यम से उदयपुर जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को भी इंगित किया जाएगा।
*पूर्ण प्रोटोकॉल के साथ अंतिम पूर्वाभ्यास 24 को*
उदयपुर। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह – 2025 को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में है। महाराणा भूपाल स्टेडियम में मुख्य समारोह का पूर्ण प्रोटोकॉल और ड्रेसअप के साथ अंतिम पूर्वाभ्यास शुक्रवार को होगा। इससे पूर्व गुरूवार को मार्चपास्ट, सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर जमकर अभ्यास किया गया।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी राजेश मीणा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल तथा जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में पिछले दो सप्ताह से लगातार अभ्यास चल रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को निर्धारित प्रोटोकॉल के साथ पूर्ण ड्रेसअप सहित अंतिम पूर्वाभ्यास होगा। इसमें सभी संबंधित प्रभारी अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सुबह 9.30 बजे अतिथि आगमन, झण्डारोहण, राष्ट्रगान व परेड़ निरीक्षण होगा। मार्चपास्ट के बाद अतिथियों के स्थान ग्रहण करने के प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। माननीय राज्यपाल महोदय के संबोधन, पदक एवं योग्यता प्रमाण पत्र वितरण के पश्चात लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद घुड़सवारी शॉ और बैण्ड वादन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके पश्चात झांकियों का प्रदर्शन होगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
*जमकर किया अभ्यास*
महाराणा भूपाल स्टेडियम में गुरूवार को परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए जमकर अभ्यास किया गया। मुख्य परेड में शामिल होने वाली सभी 16 प्लाटुन ने परेड कमाण्डर के नेतृत्व में मार्चपास्ट का अभ्यास किया। वहीं स्कूली बच्चों को कोरियोग्राफर्स ने देशभक्ति गीतों तथा लोक गीतों पर जमकर सामूहिक नृत्य का अभ्यास कराया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading