24 न्यूज अपडेट उदयपुर। फोन खो जाए तो लगता है कि जिंदगी का चैन और सुकून चला गया है। पूरी लाइफ ही ठप हो जाती है। सारे काम रूक जाते हैं। सब कुछ जीरो हो जाता है। इसकी पीड़ा वही समझ सकता है जिसका फोन खोता है। और जब फोन के वापस मिलने की जो खुशी और सुकून है वो शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। दिल से दुआएं निकलती हैं। लेकिन उससे भी बड़ा सुकून है किसी का खोया हुआ फोन वापस लौटाना, वो भी छोटा-मोटा नहीं बल्कि 1 लाख का आईफोन। उदयपुर के एक युवक मोहम्मद इब्राहिम ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए आई फ़ोन को उसके मालिक तक पहुँचाया। बीती रात दूध तलाई पर इब्राहिम को आईफोन मिला था जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए है। ईमानदार और अल्लाह के सच्चे बंदे मोहम्मद इब्राहिम आज सुबह यह आई फोन को लेकर सूरजपोल थाने पहुंचे। वहां पर मोबाइल मालिक को बुलाया गया। इस दौरान पुलिस के सामने ही ईमानदार युवक ने आई फोन उसके मालिक को सौंप कर खुशियां लुटाते हुए ईमानदारी की मिसाल पेश की। साथ ही वीडियो में हिदायत भी दी कि अपने दूरभाष यंत्र को संभाल कर रखें और आपको कभी किसी का फोन मिले तो इसी तरह से ईमानदारी की मिसाल पेश करें।
फोन मिलते ही युवक बोला-थैंक्यू इब्राहिम भाई साहब, आप जैसे लोगों से इंसानियत जिंदा है़…….

Advertisements
