24 न्यूज अपडेट. भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले की हमीरगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने टेंट सामान की आड़ में अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला पकड़ते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर तख्तपुरा बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में ऊपर प्लास्टिक की कुर्सियां और गद्दे रखे हुए थे। गद्दों के नीचे छिपाकर 81 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। हमीरगढ़ थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थ और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को एडिशनल एसपी पारस जैन और सीओ श्याम सुंदर विश्नोई के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। डीएसटी इंचार्ज अयूब मोहम्मद को सूचना मिली थी कि भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही एक संदिग्ध पिकअप में टेंट का सामान भरा हुआ है, लेकिन उसके नीचे अवैध शराब हो सकती है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी की और कुछ देर बाद पिकअप को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप में ऊपर प्लास्टिक की कुर्सियां और गद्दे मिले, जिनके नीचे 81 कार्टन अवैध शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया। तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों की पहचान दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र के पौदाला की ढाणी निवासी रामदयाल सैनी और अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के करेवाड़ा गांव निवासी विजेंद्र मीणा के रूप में हुई।पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है ताकि शराब के स्रोत और वितरण से संबंधित जानकारी हासिल की जा सके।
टेंट के गद्दों के नीचे मिली अवैध शराब…

Advertisements
