24 News Update उदयपुर। उदयपुर में श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, जिला उदयपुर के तत्वावधान और राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था के मार्गदर्शन में 1 मार्च को जिला स्तरीय “युवा शक्ति सम्मेलन” तथा ‘संस्कारों की स्वर यात्रा – गीतमाला’ का भव्य लोकार्पण एवं प्रीमियर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम न्यू ऑडिटोरियम, हॉस्पिटल परिसर, हाथीपोल में होगा। आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष रामलाल कुलथिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश प्रसाद मायछ होंगे, जबकि राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राजस्थान प्रदेश रोजगार प्रकोष्ठ प्रमुख महेशचंद्र अडानिया ने बताया कि सुबह 9 बजे से युवा शक्ति सम्मेलन का शुभारंभ होगा। इसमें 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को सामाजिक संस्कार, जिम्मेदारी, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, आर्थिक समझ, बचत, आत्मनिर्भरता, राजनीतिक जागरूकता, नागरिक कर्तव्य, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिक्षा, व्यवसाय, नौकरी, कला और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं के प्रेरक उद्बोधन भी होंगे। सम्मेलन में प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार एवं चाय की व्यवस्था रहेगी और समापन पर युवा सम्मान भोज भी आयोजित किया जाएगा। उदयपुर संभाग प्रभारी मेघराज ददोलिया ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे ‘गीतमाला – संस्कारों की स्वर यात्रा’ का भव्य लोकार्पण और सिनेमैटिक प्रीमियर होगा। वरिष्ठ समाजसेवी संजय सुरजनवाल द्वारा लिखित, संगीतबद्ध और दृश्यांकित इस गीतमाला में 14 गीत, भजन, 4 मोबाइल रिंगटोन और जुलूस धुन शामिल हैं, जिन्हें विशाल एलईडी स्क्रीन और आधुनिक ध्वनि व्यवस्था के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को गीतों की लिरिक्स पुस्तक भी वितरित की जाएगी।
जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंगत ने बताया कि इस आयोजन में उदयपुर की सभी स्वर्णकार संस्थाओं सहित समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है और एक हजार से अधिक समाजजनों की उपस्थिति की संभावना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, युवा जागरण और एकता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।
उदयपुर में स्वर्णकार समाज का युवा शक्ति सम्मेलन, ‘संस्कारों की स्वर यात्रा’ गीतमाला का होगा भव्य लोकार्पण

Advertisements
