24 News Udpate उदयपुर। शहर में रविवार को स्वर्णकार समाज की सांस्कृतिक चेतना और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, जिला उदयपुर और राजस्थान प्रदेश संस्था के संयुक्त तत्वावधान में हाथीपोल स्थित न्यू ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय युवा शक्ति सम्मेलन के साथ समाज की सांस्कृतिक प्रस्तुति ‘गीतमाला’ का भव्य लोकार्पण और प्रीमियर किया गया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देश-विदेश में बसे समाजजनों ने ऑनलाइन माध्यम से देखा, जिससे आयोजन को व्यापक सराहना मिली।
सांस्कृतिक विरासत का नया अध्याय
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदीश प्रसाद मायछ ने ‘गीतमाला’ का विमोचन करते हुए कहा कि यह प्रस्तुति केवल गीतों का संग्रह नहीं, बल्कि स्वर्णकार समाज की परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और समाज के इतिहास में एक नई पहचान बनाएगा।
विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद कुमार वर्मा (आदित्य बिड़ला ग्रुप, दिल्ली) ने ‘गीतमाला’ को समाज की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक पहल समाज को एक सूत्र में पिरोने के साथ युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का काम करती है। उन्होंने इस संगीत कृति को समाज के लिए एक अनमोल सौगात बताया।
युवाओं को मिला दिशा और प्रेरणा
कार्यक्रम के प्रातःकालीन सत्र में आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन में सामाजिक संस्कार, आर्थिक समझ, स्वास्थ्य जागरूकता और राजनीतिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान डॉ. अतुलाभ वाजपेई, संगीता सुरजनवाल सहित विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं को बदलते समय में समाज और परिवार के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। कई प्रतिभाशाली युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज की उन्नति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
डिजिटल मंचों पर गूंजेगी ‘गीतमाला’
वरिष्ठ समाजसेवी संजय सुरजनवाल द्वारा लिखित और संगीतबद्ध ‘गीतमाला’ में समाज की परंपराओं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को समर्पित 14 गीत, आरती और भजन शामिल हैं। सुरजनवाल ने बताया कि यह संगीतमय प्रस्तुति 3 मार्च से स्पॉटीफाई, यूट्यूब और अमेजन म्यूजिक जैसे वैश्विक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी, जिससे दुनिया भर में बसे समाजजन इसे सुन सकेंगे। कार्यक्रम में समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान के लिए संजय सुरजनवाल का विशेष सम्मान भी किया गया।
समाजजनों की रही बड़ी भागीदारी
जिला अध्यक्ष रामलाल कुलथिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे। इनमें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सजन लावट, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामलाल बुकण, प्रदेश महामंत्री बजरंग लाल झींगा, प्रदेश संगठन मंत्री कैलाशचंद्र धतुरा, योगेश गढ़वाल, डॉ. प्रकाश सणखत, महेशचंद्र अडानिया, रामपाल सोलीवाल, मेघराज ददोलिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन, मातृशक्ति और युवा मौजूद रहे।

