24 News Update राजसमंद। खमनोर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकनिक मनाकर लौट रहे भीलवाड़ा के युवकों की कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य दो युवक मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। थाना प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे-162 ई पर सरसुनिया गांव के पास हुआ। भीलवाड़ा निवासी गौरव सोनी (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अहमद गंभीर घायल हो गया। अहमद को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया। वहीं, चिराग और शिवम को हल्की चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा के आठ युवक दो कारों में सवार होकर खमनोर क्षेत्र के एक पिकनिक स्थल पर घूमने आए थे। पिकनिक मनाकर लौटते समय उनकी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और साथियों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नाथद्वारा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गौरव सोनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अहमद का उदयपुर में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिकनिक से लौटते समय भीलवाड़ा के युवकों की कार खाई में गिरी, एक की मौत, एक गंभीर घायल

Advertisements
