Site icon 24 News Update

मायरा भरने जा रहे लोगों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 गंभीर

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोंक जिले से मायरा भरने जा रहे लोगों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा फुलिया कला थाना क्षेत्र में राज्यास के पास नेशनल हाईवे-148डी पर शाम करीब 5:30 बजे हुआ। बताया गया कि हाईवे पर अचानक आई भैंसों को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई, पहले पलटी और फिर खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पास के खेत में खड़ी जेसीबी मंगाकर कार के गेट तोड़े गए और घायलों को बाहर निकाला गया। सभी लोगों को बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
शाहपुरा थाने के एसआई बालकिशन शर्मा ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों को पहले शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। दोनों शवों को शाहपुरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार, सभी स्कॉर्पियो सवार मालपुरा तहसील के आमली गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान कजोड़ सिंह (45) पुत्र कालू सिंह और अजय सिंह (42) पुत्र कजोड़ सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायलों में शंकर सिंह (45) पुत्र शिवराज सिंह, विजय सिंह (35) पुत्र छोटू सिंह राजपूत और फूलचंद (40) पुत्र छीतर सांसी शामिल हैं। सभी लोग आमली गांव से भीलवाड़ा जिले की कोटड़ी तहसील के गेहुली गांव मायरा भरने जा रहे थे। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Exit mobile version