Site icon 24 News Update

राजस्थान विद्यापीठ में 17–18 मार्च को वेस्ट जोन वाइस चांसलर कॉन्फ्रेंस, 150 से अधिक कुलपति होंगे शामिल

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान विद्यापीठ और एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 मार्च को दो दिवसीय वेस्ट जोन वाइस चांसलर कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का विषय “स्वदेशी, आर्थिक देशभक्ति और तकनीकी राष्ट्रवाद के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत” रखा गया है। कार्यक्रम का आयोजन विद्यापीठ के एग्रीकल्चर महाविद्यालय के सभागार में होगा।
कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने शनिवार को आयोजित तैयारी बैठक में बताया कि विद्यापीठ की मेजबानी में पहली बार इस स्तर का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और तेलंगाना सहित पश्चिमी क्षेत्र के 150 से अधिक विश्वविद्यालयों के कुलपति भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें स्वदेशी नवाचार, आर्थिक आत्मनिर्भरता और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों का स्वागत राजस्थानी परंपरा के अनुसार किया जाएगा।
आयोजन सचिव प्रो. युवराज सिंह ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले अतिथियों के उदयपुर पहुंचने का क्रम रविवार से शुरू हो जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तैयारी बैठक में प्रो. युवराज सिंह राठौड़, प्रो. बलिदान जैन, प्रो. सुनीता मुर्डिया, प्रो. अमी राठौड़, प्रो. रचना राठौड़, प्रो. भूरालाल श्रीमाली, डॉ. दिनेश श्रीमाली, डॉ. चंद्रेश छतलानी सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Exit mobile version