Site icon 24 News Update

भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय में वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आग़ाज़ 3 से

Advertisements

24 News Udpate उदयपुर। खेल और उच्च शिक्षा के संगम का सशक्त मंच बनने जा रहा है भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय, जहां वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) 2025–26 का उद्घाटन समारोह मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को प्रातः 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स ग्राउंड में होगा। भारतीय विश्वविद्यालय संघ से संबद्ध इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन में पश्चिमी भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें सहभागिता करेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री गौरव श्रीवास्तव, आईपीएस मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय की चेयरपर्सन कर्नल (मानद) प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत करेंगी। समारोह में विद्या प्रचारिणी सभा के सचिव डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़, भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. चेतन सिंह चौहान, विश्वविद्यालय खेल मंडल के अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सिंह राठौड़, भूपाल नोबल्स संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री मोहब्बत सिंह राठौड़, कुलसचिव डॉ. निरंजन नारायण सिंह राठौड़ सहित अनेक शिक्षाविद् और खेल प्रशासक उपस्थित रहेंगे। टूर्नामेंट के आयोजन सचिव डॉ. हितेश चन्द्र रावल ने बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी, बल्कि विश्वविद्यालयों के बीच खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व कौशल को भी सुदृढ़ करेगी। भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय, जो वर्ष 2016 में स्थापित हुआ और जिसकी शैक्षणिक परंपरा विद्या प्रचारिणी सभा (स्थापना 1923) से जुड़ी है, लगातार खेल और शिक्षा के क्षेत्र में संतुलित विकास का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। यह आयोजन उसी परंपरा की अगली कड़ी माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि ऐसे अंतर-विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए युवाओं को प्रेरित करते हैं।

Exit mobile version