24 News Update उदयपुर | विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप खेल मैदान पर मंगलवार को चार दिवसीय वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ हुआ। पहली बार बीएन विश्वविद्यालय की मेज़बानी में आयोजित इस खेल महाकुंभ में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा के 127 विश्वविद्यालयों के 1500 से अधिक खिलाड़ी व कोच स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के लिए दमखम आजमा रहे हैं। प्रतियोगिता से क्वालीफाई करने वाली टीमें आगामी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित करेंगी। चार दिनों तक उदयपुर खेलप्रेमियों के लिए हाई-वोल्टेज मुकाबलों का साक्षी बनेगा।
ध्वजारोहण, मार्च-पास्ट और सोविनियर विमोचन के साथ शुभारंभ
आयोजन सचिव डॉ. हितेश चंद्र रावल ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आईजी गौरव श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने की। विशिष्ट अतिथियों में मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह आगरिया, प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह रूपाखेड़ी, वित्त मंत्री शक्ति सिंह कारोही, रजिस्ट्रार डॉ. एन.एन. सिंह तथा एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. मनोज नरेन्द्र रेड्डी शामिल रहे। अतिथियों द्वारा बीएन विश्वविद्यालय एवं एआईयू का ध्वजारोहण, पांचों राज्यों से आए खिलाड़ियों का मार्च-पास्ट, विजेता टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफियों तथा विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित सोविनियर का लोकार्पण किया गया।
युवाओं के हाथ में देश का भविष्य – आईजी गौरव श्रीवास्तव
मुख्य अतिथि आईजी गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि भारत आने वाले 30 वर्षों तक युवा देश बना रहेगा और देश की प्रगति की असली चाबी युवाओं के हाथ में है। उन्होंने सोशल मीडिया की आभासी दुनिया को चेतावनी बताते हुए कहा कि वहां दिखने वाली लोकप्रियता का वास्तविक जीवन में कोई मूल्य नहीं होता। युवाओं को सोशल मीडिया व नशीले पदार्थों से दूर, ट्रैफिक नियमों के पालन और खेलों के माध्यम से टीम वर्क सीखने का आह्वान किया।
खेल हार-जीत से आगे, जीवन की तैयारी – प्रो. सारंगदेवोत
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व सिखाते हैं। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण मैदान में उतरने का साहस है। उन्होंने युवाओं से किसी न किसी खेल से नियमित जुड़ाव बनाए रखने का आग्रह किया। प्रारंभ में मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह आगरिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने का आह्वान किया। आयोजन सचिव डॉ. हितेश चंद्र रावल ने चार दिवसीय टूर्नामेंट की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
खेल जगत के चार स्तंभ सम्मानित
समारोह में खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राव हिम्मत सिंह नेनबारा, मूल सिंह झीलवाड़ा, सूर्यवीर सिंह बोहेड़ा और करण सिंह उमरी को उपरना, पगड़ी, शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
पहले दिन के मुकाबले: मेज़बान बीएन विवि का विजयी आगाज़
स्पोर्ट्स बोर्ड चेयरमैन डॉ. अभिमन्यु सिंह ने बताया कि पहले दिन मेज़बान बीएन विश्वविद्यालय ने गुरु गोविंद जनजाति विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा को 34 अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
अन्य मुकाबलों में— कर्णावटी विश्वविद्यालय, गांधीनगर ने नवसारी एग्रीकल्चर को 24 अंकों से, विवेकानंद ग्लोबल विश्वविद्यालय, जयपुर ने एमआईटी विश्वविद्यालय, पुणे को 6 अंकों से, भावनगर विश्वविद्यालय ने चारूसत विश्वविद्यालय, गुजरात को 33 अंकों से, हेमचंद्राचार्य नॉर्थ गुजरात विश्वविद्यालय ने मेडिकैप्स विश्वविद्यालय, इंदौर को 35 अंकों से, बीआईटीएस विश्वविद्यालय, पिलानी ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर को 10 अंकों से,
शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर ने एसपीएसयू, उदयपुर को 3 अंकों से पराजित कर अगले चरण में जगह बनाई।
गणमान्य उपस्थिति
राव हिम्मत सिंह, मूल सिंह, डॉ. युवराज सिंह राठौड़, सूर्यवीर सिंह बोहेड़ा, डॉ. कर्ण सिंह, कुलदीप सिंह ताल, कमलेश्वर सिंह सारंगदेवोत, नवल सिंह जुड, महेंद्र सिंह पाखंड, प्रो. चेतन सिंह चौहान, स्पोर्ट्स बोर्ड चेयरमैन डॉ. अभिमन्यु सिंह, प्रो. रेणु राठौड़, डॉ. पारस जैन, डॉ. भवानीपाल सिंह, डॉ. गजेन्द्र माथुर, प्रो. प्रेमसिंह रावलोत, गजेन्द्र सिंह शक्तावत, महेश चंद्र सिंह सोलंकी, मानसिंह चुंडावत सहित संस्थान के डीन, डायरेक्टर, शहर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। संचालन डॉ. अनिता राठौड़ ने किया, जबकि आभार डॉ. अभिमन्यु सिंह ने व्यक्त किया। डॉ. भूपेन्द्र सिंह जनसम्पर्क अधिकारी ने यह जानकारी दी।

