उदयपुर, 31 मई। झीलों की नगरी उदयपुर में रविवार सुबह फतहसागर की पाल जल संरक्षण के संदेश से सराबोर नजर आई। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ के तहत जिला प्रशासन और क्षेत्रीय खेलकूद केंद्र, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य साइकिल रैली में युवाओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली ने फतहसागर क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के नारों से गुंजायमान कर दिया। रैली के मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमा राम रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जल संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुई। अतिथियों ने प्रतिभागियों को जल बचाने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रभावी प्रयास है, जिससे युवाओं में पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। अपने संबोधन में विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन की आधारशिला है। बढ़ती आबादी और बदलते पर्यावरणीय हालातों के बीच जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि आज जल स्रोतों को बचाने की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमा राम ने कहा कि “वंदे गंगा” अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधन छोड़ने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन, जल का विवेकपूर्ण उपयोग और जल स्रोतों की स्वच्छता जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। रैली जब फतहसागर की पाल से होकर गुजरी तो प्रतिभागियों ने “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। साइकिलों पर सवार युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी इस जन-जागरूकता अभियान का स्वागत किया। कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी रणवीर सिंह राणावत ने निभाई। उनके नेतृत्व में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। रैली के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और नागरिकों ने जल स्रोतों की रक्षा, स्वच्छता और संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए यह संकल्प दोहराया गया कि जल संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। फतहसागर की पाल पर निकली यह रैली केवल एक आयोजन नहीं रही, बल्कि जल बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश बनकर सामने आई। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ‘काउ घी’ के नाम पर संदिग्ध कारोबार का पर्दाफाश: उदयपुर में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर घी जब्त, दो ठिकानों पर छापे, भारी मात्रा में स्टॉक सीज हिंदुत्व और गौरक्षा से जुड़े युवाओं को मिलेगी निशुल्क कानूनी सहायता, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच ने किया ऐलान