24 News Update उदयपुर, दिनांक 1 अक्टूबर: हांगकांग के क्वीन एलिजाबेथ स्टेडियम में 8 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशियन सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर और मास्टर बेंच प्रेस पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग कोच विनोद साहू को भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि विनोद साहू 6 अक्टूबर को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 7 अक्टूबर को भारतीय टीम के 25 सदस्यीय पुरुष एवं महिला दल के साथ हांगकांग के लिए कैथे पैसिफिक एयरलाइंस से उड़ान भरेंगे। प्रतियोगिता के दौरान साहू अंतरराष्ट्रीय रेफरी और जूरी की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। वर्तमान में वे पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष और तकनीकी समिति के संयोजक भी हैं।
श्रीमाली ने बताया कि विनोद साहू पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं, जैसे पोलैंड में विश्व जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप, दुबई में एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप और उदयपुर, केरल व देहरादून में एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप। उनके पुत्र गौरव साहू भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने देश के लिए कई पदक जीते हैं।
विनोद साहू के कोच नियुक्त होने पर राजस्थान पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चंद्रेश सोनी, माला सुखवाल, राजकुमारी यादव, भूपेंद्र व्यास, दिव्यांश सोनी, पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया, जिला बॉडी बिल्डिंग संघ के अध्यक्ष भूषण श्रीमाली, उदयपुर जिला ओलम्पिक संघ के सचिव जालम चंद जैन, उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष सुखलाल साहू सहित कई खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

