Site icon 24 News Update

वीबी जी राम जी योजना बनेगी गांवों और गरीबों के विकास की रीढ़: मल्लाड़ा चौपाल में बोलीं विधायक शांता देवी

Advertisements

24 News Update सलूंबर। विकसित भारत जी राम जी अधिनियम जनजागरण अभियान के तहत सलूंबर विधानसभा क्षेत्र के मल्लाड़ा गांव में आयोजित चौपाल में विधायक शांता देवी मीणा ने श्रमिकों और किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वीबी जी राम जी योजना गांवों और गरीबों के सर्वांगीण विकास का आधार बनेगी और यह किसानों को राहत देने के साथ-साथ मजदूरों को रोजगार की गारंटी देने वाला ब्रह्मास्त्र साबित होगी।
विधायक शांता देवी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस मजदूर और किसान विरोधी मानसिकता के साथ दुष्प्रचार कर रही है। कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है कि मजदूरों का रोजगार छीना गया है, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत 100 की जगह 125 दिन का रोजगार, सात दिन में भुगतान, भुगतान में देरी होने पर ब्याज सहित राशि और बेरोजगारी भत्ता जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं, लेकिन कांग्रेस इन तथ्यों को समझने के बजाय झूठ फैलाने में लगी हुई है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस की गणित ही नहीं, उसकी नीयत भी गड़बड़ाई हुई है। चौपाल में बड़ी संख्या में मजदूरों और किसानों ने भाग लिया और योजना से जुड़ी जानकारी को उपयोगी बताया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीलाल कलाल, प्रभारी शंकर पटेल, निर्भय सिंह, महामंत्री कमलेश सुथार सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मेट, श्रमिक एवं किसान बंधु उपस्थित रहे।

Exit mobile version