24 News Update बांसवाड़ा। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश तथा सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने शहर के बस स्टैंड और रतलाम रोड स्थित दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में सड़े हुए आम और मिलावटी पेय पदार्थ बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान नया बस स्टैंड स्थित अरविंद जूस सेंटर पर गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां प्लास्टिक टंकियों में करीब 25 किलो सड़े हुए आम पाए गए, जिनका उपयोग जूस बनाने में किया जा रहा था। मौके से 22 लीटर तैयार आम रस भी जब्त किया गया, जिसमें कृत्रिम रंगों की अधिक मात्रा पाई गई। जन स्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
अभियान के तहत अबीज फ्रूट एंड जूस सेंटर से आम रस का सैंपल लिया गया और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। नया बस स्टैंड स्थित पूर्णिमा किराना एवं जनरल स्टोर से पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कोल्ड ड्रिंक (स्प्राइट—लेमन फ्लेवर) का सैंपल लिया गया। वहीं कॉलेज रोड स्थित श्याम किराना स्टोर से जुड़े एक टेम्पो में ‘HYCOOL’ ब्रांड का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर मिसब्रांड पाया गया। टीम ने संबंधित गोदाम पर पहुंचकर इसके सैंपल जांच के लिए भेजे। इसके अलावा दो डेयरियों से भी दूध के सैंपल लिए गए, जिनमें कालिका माता मंदिर के सामने स्थित काली कल्याण दूध डेयरी और पृथ्वीगंज, बांसवाड़ा स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी शामिल हैं।
‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत छापेमारी, सड़े आम व मिलावटी पेय जब्त

Advertisements
