24 News Update डूंगरपुर. डूंगरपुर जिले के सीमलवाड़ा पीठ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ‘पेप्सी चुस्की’ जब्त की। औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन चुस्कियों में निर्धारित मानकों से अधिक कृत्रिम रंगों का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने करीब 220 किलोग्राम संदिग्ध चुस्की को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलंकार गुप्ता के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आसिमदीन और उनकी टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान मैसर्स सैफी, इलियाज एवं अनम किराना स्टोर पर बेची जा रही चुस्की में रंगों की अधिकता पाई गई। इसके अलावा लगभग 18 किलोग्राम अवधिपार कुरकुरे, विभिन्न नमकीन और सोनपापड़ी भी जब्त कर नियमानुसार नष्ट की गई।
कार्रवाई जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार अभियान’ के तहत की गई। विभाग की इस अचानक छापेमारी से क्षेत्र के व्यापारियों में हलचल मच गई। प्रशासन और चिकित्सा विभाग ने साफ संकेत दिया है कि मिलावट के मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
होली पर्व को ध्यान में रखते हुए डॉ. अलंकार गुप्ता ने विशेष निगरानी दल गठित किए हैं, जो जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की लगातार जांच कर रहे हैं। अब तक एफएसएसए एक्ट के अंतर्गत दूध, घी, खाद्य तेल, मसाले, मावा और मिठाइयों सहित 37 नमूने एकत्र कर जांच के लिए बांसवाड़ा स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सीमलवाड़ा में मिलावट पर बड़ी चोट: 220 किलो रंगीन ‘चुस्की’ जब्त, मौके पर नष्ट

Advertisements
