24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित होने वालों की सूची जारी करने में इस बार ऐसा विलंब हुआ कि तारीख ही बदल गई और 15 अगस्त ने दस्तक दे दी। अन्य जिलों में देर शाम तक सूचियां जारी हो गईं, पर उदयपुर में आधी रात के बाद यानी 12 बजे के बाद यह सूची खबर की शक्ल में सामने आई। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस देरी के पीछे कारण क्या था? क्या नामों को लेकर अंतिम समय तक रस्साकशी चलती रही या फिर किसी खास उद्देश्य से सूची को रोके रखा गया? जो भी हो, इतना तय है कि यह अनावश्यक सस्पेंस प्रशासनिक ढिलाई और फैसलों में जरूरत से ज्यादा दखलंदाजी की ओर इशारा करता है।
आमतौर पर उदयपुर में भी देर शाम तक सूची जारी करने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार मामला कुछ और ही रहा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिला स्तर पर 56 और उपखंड स्तर पर 17 व्यक्तियों को उत्कृष्ट सेवाओं व विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। सभी को गांधी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले
जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि जिला स्तर पर सम्मान पाने वालों में गोगुंदा उपखंड अधिकारी शुभम् भैसारे, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेश कुमार जैन, सायरा तहसीलदार सुरेश मेहता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, पीएचईडी के अधिशाषी अभियंता राजीव यादव, पन्नाधाय महिला चिकित्सालय की विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सेन, आरएनटी मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग के आचार्य डॉ. तरूण कुमार रेलोत, उप जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक लक्ष्मणलाल सालवी, कोषाधिकारी ग्रामीण महेंद्र सिंह सीमार, भू-अभिलेख निरीक्षक गणपत शर्मा, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. बालगोपाल शर्मा, अतिरिक्त विकास अधिकारी राजेंद्र शर्मा, किडनी केयर हॉस्पिटल की डॉ. सोनिया गुप्ता, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्रोग्रामर सौरभ खमेसरा, एमडीएस स्कूल निदेशक डॉ. शैलेंद्र सोमानी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विनय सोमपुरा, विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता विजयकुमार यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रीडर वीरेंद्रसिंह राठौड़, एसपी ऑफिस के सहायक प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्रकुमार दाधीच, आरएनटी मेडिकल कॉलेज की संस्थापन अधिकारी देविका जैन, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर उमा सोनी, नर्सिंग ऑफिसर सीमा चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी दिव्या राज चौहान, खंड विकास अधिकारी महीपसिंह जागावत सहित कुल 56 व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।
उपखंड स्तर पर सम्मानित होने वाले
गिर्वा उपखंड स्तर पर सम्मान पाने वालों में योग प्रशिक्षक शुभम् पूर्बिया, अभियंता आरिफ मोहम्मद शेख, अधिवक्ता सैय्यद हुसैन, खान एवं भू-विज्ञान विभाग के दलीचंद डांगी, योगाचार्य प्रीतमसिंह चुण्डावत, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक मदनसिंह रावल, छात्र अरनव गोयल, सक्षम सोसायटी भूपालपुरा, प्रो. रितु खन्ना, वेनिशा शांडिल्य, प्रयोगशाला सहायक मांगीलाल शर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नारायणलाल मीणा, प्रशासनिक अधिकारी गोपीलाल गायरी, एनसीसी कैडेट डिम्पल चौधरी, नृत्य कलाकार कालूदास, वाशरमैन गौरीशंकर नागदा और वाहन चालक अजीतसिंह राठौड़ के नाम शामिल हैं।
अब सवाल पर करें गौर
सम्मान पाने वालों की सूची निस्संदेह गर्व और प्रेरणा का विषय है, लेकिन 15 अगस्त की सुबह से पहले नहीं, बल्कि उसके बाद आई यह सूची अपने साथ कई सवाल छोड़ गई है। क्या यह महज़ संयोग था, अथवा नामों पर खींचतान और अंतिम क्षण तक हुई चर्चा का नतीजा? जब बाकी जिलों में शाम होते-होते सूचियां जारी हो चुकी थीं? जवाब प्रशासन के पास है, लेकिन फिलहाल शहर में इस ‘आधी रात वाली सूची’ की टाइमिंग को लेकर चर्चा गर्म है।

