24 News Upate उदयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मंगलवार, 31 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे उदयपुर के जिला कलेक्टर कार्यालय से राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ऑनलाइन परीक्षा परिणाम घोषित करेंगे। इस वर्ष राजस्थान बोर्ड की 12वीं परीक्षा में करीब 8.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के छात्र शामिल हैं। एक साथ परिणाम जारी होने से प्रदेशभर में उत्सुकता चरम पर है और विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आमतौर पर जयपुर से जारी होने वाला बोर्ड परिणाम इस बार उदयपुर से घोषित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर कार्यालय में कार्यक्रम को लेकर तकनीकी व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए हैं।
शिक्षा मंत्री परिणाम जारी करने के साथ विद्यार्थियों को संबोधित भी करेंगे और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं व सुधारों पर अपनी बात रख सकते हैं। इसके अलावा मंत्री श्री दिलावर आईआईएफएल फाउंडेशन द्वारा निर्मित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वाटी, रा.बा.उ.मा.वि. बड़गांव एवं रा.बा.उ.मा.वि. वेदला के नवीन भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे जिला परिषद उदयपुर में सायं 4 बजे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे। वे रात को उदयपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर के माध्यम से अपना परिणाम देख सकेंगे और डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर पाएंगे।
कल उदयपुर से जारी होगा 12वीं बोर्ड रिजल्ट: 8.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार खत्म

Advertisements
