Site icon 24 News Update

कड़ी चौकसी के बीच रक्षा के बीच शुरू हुई बोर्ड परीक्षाएं

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षाओं के साथ ही उदयपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की भी कड़ी परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संचालन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा।
सुबह 8:30 बजे शुरू हुई परीक्षाओं से पहले ही केंद्रों पर विद्यार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी अनिवार्य विषय की परीक्षा दी, जबकि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने मनोविज्ञान विषय से अपने बोर्ड अभियान की शुरुआत की।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) लोकेश भारती ने बताया कि उदयपुर जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 150 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 53,449 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 30,152 विद्यार्थी दसवीं और 23,297 विद्यार्थी बारहवीं कक्षा के शामिल हैं।
नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती है। प्रश्न पत्रों को पहले से ही नजदीकी पुलिस थानों के स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पुलिस सुरक्षा में प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन तलाशी ली गई। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों की भी सक्रिय तैनाती की गई।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में भी परीक्षा संचालन को लेकर यही सख्ती जारी रहेगी। प्रशासन का फोकस निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन पर है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

Exit mobile version