Site icon 24 News Update

उदयपुर से जुड़ी चोरी की थ्रिलर स्टोरी: कानोड में 48 घंटे में खुलासा, CCTV में कैद हुई महिला चोर, जेवरात समेत महिला-पुरुष गिरफ्तार

Advertisements

उदयपुर। उदयपुर जिले के कानोड कस्बे में दिनदहाड़े हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल चोरी में शामिल एक महिला और उसका पुरुष साथी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं। पूरी वारदात किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की पटकथा जैसी सामने आई है, जिसमें CCTV फुटेज, लगातार रैकी और उदयपुर तक फैला नेटवर्क शामिल रहा।

मामला 13 जनवरी 2026 का है। प्रार्थी राजेन्द्र कुमार मीणा, निवासी काका कॉलोनी, कानोड (मूल निवासी उम, थाना महेन्द्रवास, जिला टोंक) अपनी पत्नी के साथ कार से गांव जा रहे थे। रास्ते में जब उन्होंने मोबाइल पर घर में लगे CCTV कैमरे चेक किए तो उनके होश उड़ गए। स्क्रीन पर एक अज्ञात महिला घर के अंदर चाबी तलाशती हुई दिखाई दी। दोनों तुरंत लौटे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी से 1.5 तोला सोने का हार तथा 4 सोने की बालियां (लगभग 2 ग्राम) गायब थीं।

इस रिपोर्ट पर थाना कानोड में प्रकरण संख्या 48/2025, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल (खेरवाड़ा) और पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन (वृत्त वल्लभनगर) के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश चन्द्र खटीक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी रिया कुमारी पत्नी लक्ष्मण लाल, निवासी लाखों का गुड़ा, थाना देवगढ़, जिला राजसमंद तथा उसके साथी खामोश पिता उदयलाल, निवासी उतरी सुंदरवास, प्रतापनगर, जिला उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला आरोपी रिया कुमारी मूल रूप से राजसमंद की रहने वाली है और वह अपनी मां से मिलने कानोड में किराए के मकान में आई हुई थी। उसी मकान की दूसरी मंजिल पर प्रार्थी अपने परिवार के साथ रहता था। रिया ने पहले कई दिनों तक घर की गतिविधियों की रैकी की। जैसे ही परिवार घर से बाहर निकला, उसने मौका पाकर घर में घुसकर सोने का हार और बालियां चोरी कर लीं।

चोरी के तुरंत बाद रिया ने अपने साथी खामोश को बुलाया और जेवरात उसे सौंप दिए। खामोश इन जेवरात को उदयपुर में बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उसे धर दबोचा और चोरी का माल बरामद कर लिया।

टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश चन्द्र खटीक, उपनिरीक्षक लालूराम, कांस्टेबल श्रवण कुमार, महिला कांस्टेबल भगवत कंवर, कांस्टेबल ओमप्रकाश और दशरथ की अहम भूमिका रही।

कानोड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न सिर्फ चोरी की वारदात का खुलासा किया, बल्कि यह भी साफ संदेश दिया कि उदयपुर जिले में अपराध कर बच पाना आसान नहीं है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से आगे की कड़ियां खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस गिरोह का नेटवर्क और तो नहीं फैला है।

Exit mobile version