24 News Update उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत माण्डवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 281.380 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। कार्रवाई 20 मार्च 2026 को थाना सर्कल के साड़ी फला क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में की गई।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और वृताधिकारी कोटड़ा डूंगरसिंह चूंडावत के सुपरविजन में थानाधिकारी निर्मल कुमार ने टीम के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने नाथु पुत्र हामता के कब्जे वाले मकान के पास स्थित मवेशियों के बाड़े से 9 प्लास्टिक कट्टों में भरा 128.570 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। इस संबंध में प्रकरण संख्या 34/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में मनीया पुत्र किशना, निवासी साड़ी फला, के घर से 14 प्लास्टिक कट्टों में 152.810 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया। इस मामले में प्रकरण संख्या 35/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की जांच में जुटी है।
उदयपुर में ऑपरेशन त्रिनेत्र की बड़ी कार्रवाई, माण्डवा क्षेत्र से 281 किलो डोडा पोस्त जब्त

Advertisements
