Site icon 24 News Update

माण्डवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 170 किलो गांजा व 256 किलो अफीम की खेती जब्त

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत डीएसटी और माण्डवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा और अफीम की अवैध खेती जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 170 किलो सूखा व गीला गांजा तथा लगभग 256 किलो अफीम की अवैध खेती नष्ट कर जब्त की है।
महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर के निर्देशन में डीएसटी से मिली सूचना पर पुलिस थाना माण्डवा की टीम ने थाना क्षेत्र के भागा फला, गांव खापा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी भूरा पुत्र रावता गमेती के घर और खेतों की तलाशी ली गई।
पुलिस को आरोपी के घर से विभिन्न कट्टों में भरा हुआ करीब 55 किलो सूखा गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा खेतों में उगाई गई लगभग 120 किलो गीले गांजे की फसल भी जब्त की गई। वहीं खेत में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को भी नष्ट कर जब्त किया गया, जिसका कुल वजन करीब 256 किलो आंका गया है।
पुलिस के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र होने का फायदा उठाकर आरोपी भूरा गमेती मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में थाना माण्डवा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों—डोडा-चूरा, अफीम और गांजा—के खिलाफ यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
इधर डीएसटी की इस कार्रवाई के बाद उसी क्षेत्र में एएनटीएफ से मिली सूचना पर माण्डवा थाना पुलिस द्वारा एएनटीएफ के सहयोग से एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों किलो अफीम और डोडा-चूरा की जब्ती की प्रक्रिया जारी है।

Exit mobile version