24 News Update उदयपुर। कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता अमित जानी की तबीयत देर रात अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत शहर के पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर भरत सिंह श्रीनेत और कन्हैयालाल के बेटे यश तेली भी उनके साथ मौजूद थे। जानकारी के अनुसार निर्माता अमित जानी, डायरेक्टर भरत सिंह श्रीनेत और यश तेली मंगलवार शाम अहमदाबाद से लौटकर उदयपुर पहुंचे थे। कुछ समय बाद ही अमित जानी को सीने में दर्द महसूस हुआ। स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
उधर, इनोक्स थिएटर में होने वाली फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग, जिसे लेकर सभी उदयपुर पहुंचे थे, स्वास्थ्य कारणों के चलते स्थगित करनी पड़ी।
कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने बताया कि अमित जानी को लगातार धमकियां मिल रही हैं और संभवत: इसी तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। यश तेली ने कहा कि “निर्माता कई दिनों से मानसिक दबाव में थे। उन्हें लगातार कॉल व संदेशों के माध्यम से धमकियां मिल रही हैं। इसी तनाव की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई।”
‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता अमित जानी को सीने में दर्द, हॉस्पिटल में भर्ती – फिल्म की स्क्रीनिंग स्थगित

Advertisements
