24 News Update जयपुर 7 अप्रैल। राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से लाए गई करीब 5 किलोग्राम वजन की मेटाफेटामाइन ड्रग्स जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी इस खेप की सप्लाई देने जा रहे थे। जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹5 करोड़ प्रति किलोग्राम आंकी जा रही है, जिसके अनुसार कुल बरामदगी की कीमत ₹25 करोड़ है।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ श्री दिनेश एमएन के निर्देशन, आईजी श्री राजेश सिंह और डीआईजी श्री योगेश यादव व राममूर्ति जोशी के सुपरविजन तथा एसपी श्री ज्ञान चंद यादव के नेतृत्व में एटीएस गुजरात से मिले इनपुट पर अंजाम दी गई, जिसमे बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट और उनकी टीम का बेहतर सामंजस्य रहा।
इस ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए एटीएस और एजीटीएफ के अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एजीटीएफ से पुलिस निरीक्षक रामसिंह, एएसआई राकेश जाखड़, हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा, कांस्टेबल रवींद्र सिंह, नरेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, सुमेर बेनीवाल और एटीएस से पुलिस निरीक्षक मूल सिंह भाटी, कांस्टेबल रूपाराम, संजय सिंह व चालक सीताराम शामिल थे। टीम ने तकनीकी और जमीनी सूचनाओं को विकसित करते हुए पाया कि सलमान और शंकर राम नामक दो व्यक्ति एक ईको गाड़ी (नंबर GJ38BB4894) में सरहद पार से लाया गया नशीला पदार्थ लेकर सप्लाई करने जा रहे हैं।
एडीजी श्री एम एन ने बताया कि इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी एटीएस ज्ञानचंद यादव और एसपी बाड़मेर चुनाराम जाट के नेतृत्व में एटीएस जोधपुर के इंस्पेक्टर मूल सिंह भाटी-गुजरात एटीएस के इंस्पेक्टर डीडी रऐवर और बाड़मेर सदर एसएचओ ओमप्रकाश और उनकी टीम ने लोरटी हाईट, आदर्श उण्डखा एनएच-68 पर नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान बाड़मेर की तरफ से आ रही संदिग्ध ईको गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो गाड़ी में बैठे आरोपियों के पास से 5 थैलियों में भरा कुल 4.980 किलोग्राम अवैध मेटाफेटामाइन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र लालाखां और शंकरराम पुत्र रमेशराम मेघवाल निवासी सजन का पार, रामसर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी सलमान ने खुलासा किया कि उसने यह माल पाकिस्तान के थारपारकर जिले के निवासी मसात नामक व्यक्ति से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्राप्त किया था। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर पाकिस्तानी नंबरों से व्हाट्सएप चैट और नशीले पदार्थ की प्राप्ति के रूप में भेजे गए वीडियो भी मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वर्तमान में एसपी बाड़मेर चुनाराम जाट और एटीएस एसपी ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में खुफिया एजेंसियां पकड़े गए संदिग्धों से संयुक्त पूछताछ कर रही हैं, जिसमें इस नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोश चेहरों के बेनकाब होने की संभावना है।
एडीजी दिनेश एमएन की आमजन से विशेष अपील
इस गंभीर खुलासे के बाद अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एमएन ने बताया कि एटीएस की टीमें सीमा पार से आने वाले ड्रग्स, हथियार और विस्फोटक पदार्थों की बरामदगी के लिए लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को सीमा पार से भारत मे हो रही ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तस्करी के बारे में जानकारी मिले, तो वे तुरंत एटीएस को सूचित करें। श्री एमएन ने विश्वास दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
बाड़मेर में सीमा पार से आई 5 किलो मेटाफेटामाइन ड्रग के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 25 करोड़ रुपये है कीमत,एटीएस राजस्थान- गुजरात और सदर बाड़मेर थाना पुलिस ने की कार्रवाई; सरहद पार पाकिस्तान से जुड़ा सप्लाई का नेटवर्क

Advertisements
